पटना। बिहार विधानसभा के बजट सत्र का आठवां दिन काफी हंगामेदार और चर्चाओं भरा रहा। सदन से आम जनता के लिए राहत की खबर यह आई कि राज्य सरकार बिजली बिल के बकाए पर ब्याज माफी पर विचार कर सकती है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद विधायक भाई वीरेंद्र के बीच हुई व्यक्तिगत छींटाकशी ने सदन का माहौल गरमा दिया।
बिजली बिल के ब्याज पर मिलेगी राहत?
ध्यानाकर्षण के दौरान विधायकों ने बिजली बिल के बोझ का मुद्दा उठाया। जवाब में ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र यादव ने स्पष्ट किया कि बिजली के उपभोग का बिल तो देना ही होगा, लेकिन उन्होंने एक बड़ी राहत का संकेत देते हुए कहा कि सरकार बकाए पर लगने वाले ब्याज को माफ करने पर विचार करेगी।
नीतीश और भाई वीरेंद्र के बीच ‘स्वेटर और दवा’ पर बहस
सदन में उस वक्त अजीब स्थिति पैदा हो गई जब पानी में आर्सेनिक का मुद्दा उठाते समय सीएम नीतीश कुमार ने भाई वीरेंद्र के पहनावे पर टिप्पणी कर दी। सीएम ने कहा, इतने कपड़े क्यों पहने हो?
इस पर पलटवार करते हुए भाई वीरेंद्र ने कहा, यह आपने ही तो दिया है, आप छोटे भाई को भूल जाते हैं। इसीलिए कहता हूं, समय पर दवा खाया कीजिए। इस तीखे तंज के बाद डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री के बचाव में उतरे और कहा कि सीएम केवल उनकी सेहत को लेकर चिंतित थे।
विपक्ष का अनूठा विरोध और अपराध पर घेराव
सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही विपक्ष आक्रामक दिखा। कांग्रेस विधायक अभिषेक रंजन मुंह पर काली पट्टी बांधकर पहुंचे, वहीं राजद विधायकों ने पोर्टिको में बैनर-पोस्टर लेकर प्रदर्शन किया। विपक्ष ने बिहार को अपराध और बेरोजगारी में नंबर वन बताते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भाई वीरेंद्र ने यह भी आरोप लगाया कि बिहार की सरकार पूरी तरह अधिकारियों के भरोसे चल रही है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


