दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में साइबर ठगी का अनोखा मामला सामने आया है। जहां एक ही दिन में 7 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को फर्जी कॉल आए हैं। इन्हें फोन कर सेवा समाप्ति की धमकी देकर ओटीपी मांगा गया। हैकर खुद को विभाग का वरिष्ठ अधिकारी बताकर मोबाइल पर कॉल कर रहे हैं और पोषण ट्रैकर चालू न होने की बात कहकर पासवर्ड व ओटीपी मांग रहे हैं। ओटीपी साझा करते ही कार्यकर्ताओं के मोबाइल और व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो जा रहे हैं।

एक कार्यकर्ता का व्हाट्सअप अकाउंट हैक

यह फर्जी कॉल 10 फरवरी की शाम जिले की 7 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को आए। शिकायत के अनुसार, प्रमिला शर्मा, ममता मंसूरिया, सावित्री सेन, सरिता, वैष्णवी माधव समेत वार्ड क्रमांक 5, केंद्र क्रमांक 11 की कार्यकर्ता को मोबाइल नंबर 9798929881 से कॉल किया गया। कॉल करने वाले ने पहले पोषण ट्रैकर बंद होने की बात कही, फिर पासवर्ड और ओटीपी मांगा। एक कार्यकर्ता ने ओटीपी साझा की, जिसके बाद उसका व्हाट्सएप अकाउंट बंद हो गया। अकाउंट हैक होने के बाद संबंधित कार्यकर्ताओं के जुड़े व्हाट्सएप ग्रुपों में एसबीआई बैंक के योनो ऐप की apk फाइल का लिंक भेजा गया।

APK पर क्लिक और डाउनलोड न करें

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी लिंक में APK लिखा हो तो उसे बिल्कुल डाउनलोड या क्लिक न करें, क्योंकि यह हैकिंग का माध्यम हो सकता है। घटना के बाद सभी प्रभावित कार्यकर्ता एसपी कार्यालय पहुंचीं और साइबर सेल में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। एडिशनल एसपी अभिषेक राजन ने बताया कि विभागीय स्तर पर सभी को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी अधिकारी फोन पर ओटीपी या पासवर्ड नहीं मांगता। अगर इस तरह की कॉल आए तो तुरंत नंबर ब्लॉक करें और साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराएं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m