रायपुर। महिला सशक्तिकरण, डिजिटल भुगतान और प्रशासनिक सख्ती तीनों की झलक आज रायपुर और नवा रायपुर क्षेत्र में देखने को मिली। आरंग और मंदिरहसौद दौरे पर निकले कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने जहां पिंक ई-रिक्शा की सवारी कर महिलाओं की आत्मनिर्भरता को सराहा, वहीं निरीक्षण के दौरान नियमों के उल्लंघन पर त्वरित कार्रवाई भी की।

पिंक ई-रिक्शा में सवारी, महिला चालक का बढ़ाया हौसला

आरंग ब्लॉक भ्रमण के दौरान कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह और जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन ने मार्ग में चलते पिंक ई-रिक्शा को रुकवाया और उसमें सवारी की। ग्राम रीको से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम होते हुए ग्राम परसदा तक करीब 12 किलोमीटर की यात्रा इसी ई-रिक्शा से की गई।

इस दौरान ई-रिक्शा चालक कोटरभाठा (आरंग) निवासी सीतू कोसले से संवाद कर उनकी आय और कार्यप्रणाली की जानकारी ली गई। सीतू ने बताया कि ई-रिक्शा संचालन से उन्हें 20 हजार रुपये से अधिक मासिक आय हो रही है, जिससे वे आत्मनिर्भर बनी हैं और परिवार में आर्थिक सहयोग कर पा रही हैं।

यूपीआई से भुगतान, डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा

परसदा पहुंचने पर कलेक्टर और सीईओ ने किराए का यूपीआई के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान किया। कलेक्टर ने महिला चालक का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसी महिलाएं समाज की वास्तविक ताकत हैं और दूसरों के लिए प्रेरणा हैं।

40 महिलाओं को मिले पिंक ई-रिक्शा

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में ‘बिहान’ योजना और एनआरडीए के तहत अभनपुर और आरंग ब्लॉक की 40 महिलाओं को 40 पिंक ई-रिक्शा निःशुल्क प्रदान किए गए हैं। इन ई-रिक्शाओं को रेपिडो ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है, जिससे महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ हरित परिवहन और डिजिटल कनेक्टिविटी को भी बढ़ावा मिल रहा है।

मंदिरहसौद में प्रशासनिक सख्ती

मंदिरहसौद दौरे के दौरान कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने शासकीय प्राथमिक शाला के सामने तंबाकू बिक्री पाए जाने पर पान ठेले को तत्काल सील करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूल परिसरों के आसपास प्रतिबंधित सामग्री की बिक्री किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सड़क पर अतिक्रमण पर जुर्माना, पानी टंकी का निरीक्षण

कलेक्टर ने सड़क पर निर्माण सामग्री रखकर यातायात बाधित किए जाने पर मौके पर ही जब्ती और जुर्माने के निर्देश दिए। साथ ही अमृत मिशन योजना के तहत निर्मित पानी टंकी का निरीक्षण कर निर्माण गुणवत्ता और मानकों के पालन पर जोर दिया।

आंगनबाड़ी में लापरवाही, कार्यकर्ता-सहायिका को नोटिस

इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-06, मंदिरहसौद के औचक निरीक्षण में साफ-सफाई में लापरवाही और कार्यकर्ता की अनुपस्थिति पाए जाने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। दोनों को दो दिन के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर के साथ एसडीएम अभिलाषा पैंकरा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।