Korba-Raigarh News Update : कोरबा. कोरबा में दर्री थाना क्षेत्र स्थित मंगल भवन में एक शादी समारोह के बाद आयोजित पार्टी में जमकर मारपीट और तोड़फोड़ की घटना हुई. डीजे पर डांस के दौरान घरातियों और चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने आए मेहमानों के बीच विवाद हुआ.


जानकारी के मुताबिक, दर्री निवासी एक युवक की शादी बिलासपुर में हुई थी. शादी के एक दिन बाद बुधवार को लड़के पक्ष की ओर से दर्री के मंगल भवन में पार्टी रखी गई थी. इस पार्टी और चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बिलासपुर से दुल्हन पक्ष के कई लोग कोरबा आए थे.
बताया जा रहा है कि जब बिलासपुर से आए मेहमान डीजे में डांस कर रहे थे. दुल्हन और दूल्हा दोनों पक्ष के लोग डीजे के धुन पर डांस कर रहे थे. दुल्हन पक्ष से आए एक युवक के डांस के दौरान धक्का मुक्की होने लगी. विवाद बढ़ा कि दोनों ही पक्ष में जमकर मारपीट होने लगी. देखते ही देखते लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई. मारपीट और तोड़फोड़ की सूचना मिलते ही 112 और दर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची. बिलासपुर से आए एक युवक सुगंभी छोटे के सिर और हाथ में चोटें आईं, जिससे वह लहूलुहान हो गया. घायलों को इलाज के लिए रवाना किया गया.
दर्री थाना आशीष सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मारपीट करने वाली युवक फरार हो गया वह घायलों का इलाज कराया गया.
आनलाईन जन्म-मृत्यु पंजीयन हेतु प्रशिक्षण आज
कोरबा. आरजीआई पोर्टल से आनलाईन जन्म-मृत्यु पंजीयन हेतु 13 फरवरी को जनपद पंचायत पोंड़ी उपरोड़ा के सभाकक्ष में प्रातः 11 बजे से अपरांह 1 बजे तक तथा दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक प्रशिक्षण का आयोजन किया गया है. प्रशिक्षण जिला योजना एवं सांख्यिकी कार्यालय के अधिकारियों द्वारा दिया जायेगा. उधर 16 फरवरी को जनपद पंचायत कोरबा के सभाकक्ष में प्रातः 11 बजे से अपरांह 1 बजे तक तथा दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक प्रशिक्षण का आयोजन किया गया है. प्रशिक्षण जिला योजना एवं सांख्यिकी कार्यालय के अधिकारियों द्वारा दिया जायेगा.
पेट दर्द से तड़पता रहा युवक, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत
कोरबा. महुआडीह में रहने वाले युवक की तबीयत अचानक बिगड़ गई. वह पूरी रात पेट दर्द से कराहता रहा. परिजन सुबह मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया. उसके शव को मच्युरी शिफ्ट करते हुए मेमो अस्पताल पुलिस चौकी भेज दिया गया. पुलिस उस समय पशोपेश में फंस गई, जब मृतक की पत्नी दहलीज में बैठकर रोते बिलखते पीएम नही कराने की जिद करने लगी. हालांकि पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई पूरी कर शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया.
हरदीबाजार थानांतर्गत ग्राम महुआडीह में बंधन सिंह बिंझवार 40 वर्ष निवास करता था. वह वाहन चालक का काम कर पत्नी जगबाई के अलावा 1 पुत्र व दो पुत्री का पालन पोषण करता था. बुधवार की शाम करीब 6 बजे बंधन सिंह घर पहुंचा. उसने पत्नी को पेट दर्द होने की जानकारी दी. थोड़ी देर बाद गैस बनने के कारण पेट में दर्द का कयास लगाते हुए घर में रखे टेबलेट खा लिया. बावजूद इसके तबीयत में सुधार नही हुआ. वह पूरी रात पेट दर्द से तड़पता रहा. गुरूवार की सुबह करीब 8 बजे परिजन बंधन सिंह को लेकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया. उसके शव को मर्क्युरी में शिफ्ट कराते हुए अस्पताल पुलिस चौकी मेमों भेज दिया गया. मामले में उस वक्त नया मोड़ आ गया, जब पुलिस ग्रामीण व परिजनों की मौजूदगी में वैधानिक कार्रवाई में जुट गई. इस बीच मृतक की पत्नी भी अस्पताल से पुलिस चौकी पहुंच चुकी थी. उसने अस्पताल के ठीक सामने बिलखते हुए पोस्टमार्टम नही करने की बात कहने लगी. उसे परिजन समझाईश देकर थक गए, लेकिन महिला पर कोई असर नही हुआ. वह पीएम तो दूर अपना बयान दर्ज कराने भी तैयार नही थी. आखिरकार पुलिस ने मृतक की पुत्री सहित अन्य लोगों का बयान दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई पूरी की. तत्पश्चात पोस्टमार्टम उपरांत मृतक के शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया.
बेवा से अनाचार करने वाले दोषी को 10 साल सश्रम कारावास
कोरबा. युवक ने दिशा मैदान के लिए गई बेवा को दबोच लिया. उसने बेवा पर ब्लेड से हमला करते हुए जान से मारने की धमकी दी. तत्पश्चात दुष्कर्म को अंजाम दे दिया. मामले में करीब 14 माह तक चली सुनवाई के बाद दोषसिद्ध होने पर दोषी को दस साल सश्रम कारावास की सजा सुनाई गई है. यह फैसला अपर सत्र न्यायाधीश एफटीसी के न्यायालय ने दिया है. अतिरिक्त लोक अभियोजक मोहन सोनी के मुताबिक घटना कोतवाली अंतर्गत 7 जनवरी 2025 की शाम करीब 6 बजे घटित हुई थी. क्षेत्र में रहने वाली एक बेवा दिशा मैदान के लिए नदी की ओर गई थी. इसी दौरान महेत्तर केंवट नामक युवक मौके पर जा धमका.
उसने पीड़िता के विरोध करने पर ब्लेड से वार कर लहुलुहान कर दिया. उसे जान से मारने की धमकी देते हुए अनाचार को अंजाम दे दिया. घटना के बाद किसी तरह पीड़िता थाना पहुंची. उसने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज करा दी. मामले में पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया. मामले की सुनवाई अपर सत्र न्यायाधीश एफटीसी सीमा प्रताप चंद्रा के न्यायालय में चल रही थी. सुनवाई के दौरान आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य व सबूत पेश किया गया, जिससे दोषसिद्ध हो गया. कोर्ट ने दोषी को दस साल सश्रम कारावास व पांच सौ रूपए अर्थदंड से दंडित किया है. दोषी को अर्थदंड अदा नही करने पर दो वर्ष अतिरिक्त कारावास भुगतनी होगी.
एनएच 49 में शव रखकर किया चक्काजाम, तब मिला मुआवजा
मंगल कॉर्बन फैक्ट्री ब्लॉस्ट में अबतक 4 की मौत हो चुकी है. बुधवार को मौत के बाद गुरूवार की सुबह परिजनों से शव एनएच 49 में रखकर जमकर हंगामा मचाया. करीब 3 घंटे सड़क बंद रहा तो मृतकों के परिजनों को 12-12 मुआवजा देने की घोषणा की गई है. साथ ही बच्चों की पढ़ाई और शादी का जिम्मा भी लिया है.
जानकारी के अनुसार गुरूवार को पीड़ित परिवारों ने शव को शरीर को लेकर एनएच रोड पर चक्का जाम कर दिया है. ब्लास्ट के बाद झुलसी नौ महीने की छोटी बच्ची ने पहले दम तोड़ा था. अब 19 साल के मजदूर समेत पिता-पुत्र ने भी दम तोड़ दिया है. एक सप्ताह तक संघर्ष करने के बाद बुधवार को तीनों की सांसें बंद हो गई. अस्पताल के वार्ड में गूंजती एक महिला की चीखें और पास खड़ी नर्स उसे संभालने की कोशिश करती रहीं, लेकिन उसका दर्द किसी के बस में नहीं था. उसने अपनी 9 महीने की दूधमुंही बच्ची और पति को खो दिया. ससुर भी वेंटिलेटर पर हैं. मंगल कार्बन प्लांट हादसे ने पूरे परिवार को तोडक़र रख दिया है. महिला ने महज तीन महीने पहले अपनी 3 साल की बेटी को भी खो दिया था. अब हादसे में अपनी दूधमुंही बच्ची और पति को खो दिया. गरीबी और पेट पालने की मजबूरी में मां-बाप प्लांट में मजदूरी करते थे और छोटी बच्चियों को साथ लेकर जाते थे. हादसे के दिन भी 9 महीने की भूमि को पास में लेटाकर मां उदासिनी खडिया और पिता शिव खडिया काम कर रहे थे. हादसा होने के बाद छोटी बच्ची भी चपेट में आ गई. मंगलवार को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.
ठीक हो भी गए तो नहीं कर सकेंगे काम
अभी रायपुर के कालडा हॉस्पिटल में साहेबराम खडिया 55 वर्ष, कौशल पटेल पिता पतिराम पटेल 20 वर्ष निवासी रजघटा, प्रिया सारथी पति चमार सिंह निवासी ठाकुरदिया 32 वर्ष, राज पिता चमार सिंह भर्ती हैं. इनमें से दो की हालत खराब है. मिली जानकारी के मुताबिक ये लोग ठीक भी हो गए तो शरीर पहले जैसा नहीं रह जाएगा. शरीर की सारी नसें जल चुकी हैं. इंफेक्शन कई हिस्सों में फैल चुका है.
मालिक भी बनेगा आरोपी
तीन मौतों के बाद अब इस केस में पुलिस की कार्रवाई भी बदलेगी. अभी दो कर्मचारियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया था. तीन मौतों के बाद धारा 304 भी जुड़ेगी. अब प्लांट मालिक के विरुद्ध भी एफआईआर दर्ज की जाएगी. इसके अलावा कर्मचारी राज्य बीमा निगम, पर्यावरण विभाग भी फैक्ट्री की जांच करें. गुरुवार की सुबह ही हादसे में हुए मृतक के रिश्तेदारों परिजन द्वारा एनएच 49 रोड पर 50 लाख मुआवजा को लेकर रोड पर धरना प्रदर्शन करते रहे.
बच्ची को लेकर काम पर जाते थे माता-पिता
अस्पताल में अपनी बेटी को खोने के बाद पति शिव खडिया के ठीक होने का इंतजार करती उदासिनी को सदमा लगा है. हादसे के बाद से पति कुछ कहने-सुनने की हालत में नहीं था. एक मां ने अकेले ही पूरा दुख झेला. अब पति भी साथ छोडक़र चला गया. बेटी के अंतिम संस्कार की आग ठंडी भी नहीं हुई थी कि अब पति की भी मौत हो गई. दोपहर तक ससुर की भी मृत्यु हो गई. प्लांट में पूरा परिवार मजदूरी करता था. बताया जा रहा है कि उदासिनी की एक 3 साल की बेटी सृष्टि की मौत भी प्लांट के अंदर कुछ वेस्ट मटेरियल खाने के कारण हो गई थी. इस घटना को तीन महीने ही बीते थे. उसके दो और बच्चे हैं.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें


