Bihar Crime: पटना में रहकर नीट की तैयारी कर रही छात्रा के मौत की गुत्थी अभी तक नहीं सुलझ पाई है। इस बीच फुलवारी शरीफ क्षेत्र में कल गुरुवार को एक और छात्रा की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मृतक छात्रा कोचिंग पढ़ने आई हुई थी। इस दौरान अचानक छत से गिरने की वजह से उसकी मौत हो गई।

घटना फुलवारी शरीफ के हरिनगर इलाके की है, जहां एक कोचिंग सेंटर की छत से गिरकर छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई। पुलिस हर पहुलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। इसके साथ ही पुलिस कोचिंग और उसके आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है।

घटना के बारे में बताया जा रहा है कि छत से गिरने के बाद उसे अस्थानीय अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया। उधर घटना की सूचना मिलते ही छात्रा के परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उसके मौत की खबर सुनते ही अस्पताल में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कहा कि, जिस तरफ से छात्रा के गिरने की बात बताई जा रही है, उधर जाने का कोई मतलब ही नहीं है। उनका कहना है कि छात्रा की हत्या की गई है।

घटना को लेकर पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि, छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही छात्रा के मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। एफएसएल की टीम को भी मौके पर जांच के लिए बुलाया गया है। हमारे हाथ जो सीसीटीवी फुटेज आया है, उसमें छात्रा को गिरते हुए देखा जा रहा है।

उन्होंने बताया कि, इस मामले में 3 लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। मृतक छात्रा के परिजन जो शिकायत दर्ज कराएंगे, उसके आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।

ये भी पढ़ें- Bihar Crime: सहरसा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, देसी पिस्तौल-कट्टा के साथ युवक गिरफ्तार, संदिग्ध गतिविधियों में था शामिल