वीरेंद्र कुमार/ नालंदा। महाशिवरात्रि के पावन पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए बिहार शरीफ के सोहसराय थाना परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार मुकेश की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पुलिस ने स्पष्ट कर दिया कि इस बार नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

​डीजे और अश्लील गानों पर नो-टॉलरेंस

​बैठक के दौरान थाना अध्यक्ष ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि महाशिवरात्रि पर डीजे (DJ) पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। पूजा समितियों को केवल छोटे साउंड सिस्टम का उपयोग करने की अनुमति होगी, वह भी धीमी आवाज में। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि केवल भक्ति गीत ही बजाए जा सकेंगे; अश्लील गानों या तेज शोर-शराबे पर पुलिस सख्त एक्शन लेगी।

​शिव बारात के लिए अनिवार्य होगा लाइसेंस

​प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना पूर्व अनुमति या लाइसेंस के जुलूस या शिव बारात निकालने की अनुमति नहीं होगी। वर्तमान में हबीबपुर और सिंगरहाट से पारंपरिक रूप से बारात निकाली जाती है। यदि कोई अन्य समिति नई बारात या जुलूस निकालने की योजना बना रही है, तो उन्हें समय रहते थाने से लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा।

​इन 5 प्रमुख स्थलों पर रहेगी कड़ी सुरक्षा

​थाना क्षेत्र के पांच चिन्हित स्थानों पर विशेष नजर रखी जाएगी, जहां पूजा और भंडारे का आयोजन होना है:
​बड़ी पहाड़ी (हिरण पर्वत)
​17 नंबर तालाब
​मोगल कुआं (TPO)
​सिंगरहाट (बारात मार्ग)
​हबीबपुर (बारात मार्ग)
​बैठक में एसआई प्रियांशु कुमारी, गौरी शंकर, मुंशी राजीव कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि और शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे। प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से शांति और सौहार्द के साथ महापर्व मनाने की अपील की है।