पटना। राजधानी में शुक्रवार को पूर्व IPS अधिकारी अमिताभ दास के आवास पर भारी पुलिस बल ने छापेमारी की। पाटलिपुत्र कॉलोनी स्थित उनके अपार्टमेंट में तीन थानों की पुलिस तलाशी लेने पहुंची। इस कार्रवाई के दौरान अमिताभ दास की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में रूबन अस्पताल में भर्ती कराया गया।
विवादास्पद बयान और FIR की गाज
दरअसल, यह पूरी कार्रवाई अमिताभ दास द्वारा सोशल मीडिया पर किए गए कुछ उत्तेजक पोस्ट को लेकर हुई है। हाल ही में चित्रगुप्तनगर के एक गर्ल्स हॉस्टल में NEET छात्रा की संदिग्ध मौत और रेप मामले में उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे, निशांत कुमार का DNA टेस्ट कराने की मांग की थी। पुलिस ने इसे भ्रामक और जांच को प्रभावित करने वाला तथ्यहीन आरोप माना है।
अमिताभ दास का आरोप
अस्पताल ले जाए जाने के दौरान अमिताभ दास ने मीडिया से कहा कि उन्हें गिरफ्तार करने और उनकी हत्या करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने एक पुरानी तस्वीर भी दिखाई जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पूर्व विधायक अनंत सिंह के सामने हाथ जोड़े खड़े हैं। दास का दावा है कि वह सच बोल रहे हैं, इसलिए उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।
विवादों से पुराना नाता
अमिताभ दास का करियर विवादों से भरा रहा है। साल 2018 में केंद्र सरकार ने उन्हें अयोग्य घोषित करते हुए अनिवार्य सेवानिवृत्ति दे दी थी। उन पर पहले भी यौन शोषण और विदेशी महिला से छेड़छाड़ जैसे गंभीर आरोप लग चुके हैं। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान उनके पोस्ट भड़काऊ पाए गए, जिसके आधार पर केस दर्ज कर छापेमारी की गई है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


