अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली। सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के अलहिया गांव निवासी 37 वर्षीय अंग्रेजी शराब दुकान के सेल्समैन प्रमोद यादव की सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद शोकाकुल परिजनों ने आरोपी बाइक सवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

जानकारी के अनुसार प्रमोद यादव बथावर स्थित कंपोजिट अंग्रेजी शराब दुकान में सेल्समैन के पद पर कार्यरत थे। 30 जनवरी की रात दुकान बंद कर वह बथावर से सकलडीहा सघन तिराहा होते हुए चहनिया मार्ग के रास्ते अपने घर अलहिया लौट रहे थे। इसी दौरान खड़ेहरा गांव के समीप चहनिया की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

इलाज के दौरान मौत

हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को जानकारी दी। घायल प्रमोद को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल से ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान 6 फरवरी को उनकी मौत हो गई।

READ MORE: तेरा पैसा डबल कर दूंगा… रकम दोगुनी करने का झांसा देकर महिला से ठगी, आरोपी फरार

चालक के खिलाफ कार्रवाई हो

शुक्रवार को मृतक की पत्नी सोनी देवी, 8 वर्षीय बेटी शिवानी और अन्य परिजन सकलडीहा कोतवाली पहुंचे और आरोपी बाइक सवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी। परिजनों का कहना है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चलाने के कारण यह हादसा हुआ, जिसके लिए जिम्मेदार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

READ MORE: भाजपा ने प्रदेश में नए-नए माफिया…अखिलेश यादव ने सरकार पर साधा निशाना, जानिए सपा सुप्रीमो ने ऐसा क्या कहा?

इस संबंध में कोतवाल भूपेन्द्र निषाद ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और दोषी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।