सोहराब आलम/मोतिहारी। जिले के पिपराकोठी स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में तीन दिवसीय भव्य ‘कृषि मेले’ का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, कृषि मंत्री रामकृपाल यादव और स्थानीय सांसद राधा मोहन सिंह शामिल हुए। अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर मेले का विधिवत उद्घाटन किया।
अपराधियों को खुली चुनौती
मंच से जनता को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी अपने पुराने तेवर में नजर आए। उन्होंने अपराधियों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि बिहार में अब सुशासन का राज है और यहां अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने ललकारते हुए कहा, अपराधी या तो अपराध छोड़ दें या नेपाल की तराई में भाग जाएं, वरना उन्हें ऐसी जगह पहुंचा दिया जाएगा जहां से वापसी मुमकिन नहीं है। उन्होंने साफ किया कि बिहार अब अपराध हब नहीं बल्कि इंडस्ट्री हब बनने की राह पर है।
मोतिहारी को मिला तोहफा
विकास के रोडमैप पर चर्चा करते हुए सम्राट चौधरी ने मोतिहारी के लिए दो बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि जिले के विकास को गति देने के लिए जल्द ही मोतिहारी में एयरपोर्ट का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय किसानों और युवाओं की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए चकिया और मोतिहारी चीनी मिलों को पुनः चालू करने का ऐतिहासिक ऐलान किया।
सुशासन और औद्योगिकीकरण पर जोर
डिप्टी सीएम ने विश्वास दिलाया कि सरकार अब उद्योग लगाने की दिशा में ठोस कदम उठा चुकी है। कृषि मेले के माध्यम से किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और बंद पड़ी मिलों को शुरू कर रोजगार सृजन करना सरकार की प्राथमिकता है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


