सोहराब आलम/ मोतिहारी। रोजी-रोटी की तलाश में सुदूर देस गए एक युवक की मौत की खबर ने पूरे सुगौली प्रखंड को झकझोर कर रख दिया है। पूर्वी चंपारण जिले के सुगौली प्रखंड अंतर्गत सुकुल पाकड़ पंचायत (वार्ड संख्या 10) निवासी शौकत अली के पुत्र नुरुल होदा की सऊदी अरब में एक भीषण सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मृत्यु हो गई।
तेज रफ्तार कार ने ली जान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा बीती 6 फरवरी को उस समय हुआ जब नूरुल होदा सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नूरुल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। स्थानीय प्रशासन द्वारा दी गई सूचना के बाद से ही मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है।
शव पहुंचते ही उमड़ा जनसैलाब
विदेशी धरती पर कानूनी और प्रशासनिक कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद, शनिवार को नूरुल का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव सुकुल पाकड़ पहुंचा। जैसे ही एम्बुलेंस गांव की सीमा में दाखिल हुई, पूरा माहौल गमगीन हो गया। अपने लाडले के अंतिम दर्शन के लिए हजारों ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। नूरुल अपने परिवार के मुख्य भरण-पोषण करने वाले सदस्य थे, उनके निधन से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मुआवजे की उठी मांग
ग्रामीणों और परिजनों ने बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार के लिए उचित आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है। ग्रामीणों का कहना है कि परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए शीघ्र मुआवजा दिया जाना चाहिए ताकि मृतक के आश्रितों को सहारा मिल सके।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


