रायपुर। सिलतरा औद्योगिक एरिया के अविनाश लॉजिस्टिक पार्क में शनिवार शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना में फैक्ट्री श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक ट्रक ने बाइक सवार मजदूर को कुचल दिया। हादसा इतना गंभीर था कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी सांसें थम चुकी थीं। मामला धरसींवा थाना क्षेत्र का है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक बोधीराम चौहान (33 वर्ष), पिता हेमलाल चौहान, निवासी ग्राम बिछिया सरायपाली, पिछले तीन वर्षों से सिलतरा स्थित श्रीराम प्लास्ट (पाइप निर्माण इकाई) में श्रमिक के रूप में कार्यरत था।
शनिवार शाम वह अपनी मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 04 CT 8965) से किसी आवश्यक कार्य से फैक्ट्री परिसर से बाहर निकला था। इसी दौरान ट्रक (क्रमांक CG 04 J 5043) ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसके सिर में गंभीर चोट आई। फैक्ट्री के सुपरवाइजर और कंप्यूटर ऑपरेटर ने तत्काल उसे धरसींवा के शहीद योगेंद्र शर्मा शासकीय समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
फैक्ट्री सुपरवाइजर चंद्रा महिलांगे ने बताया कि बोधीराम दो भाइयों में छोटा था। उसके बड़े भाई की कुछ वर्ष पहले ही सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी थी। तब से वह ही पूरे परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था।
मृतक अपने 62 वर्षीय माता गणेशी बाई चौहान और 69 वर्षीय पिता हेमलाल चौहान का एकमात्र सहारा था। इस हादसे ने वृद्ध माता-पिता को असहाय कर दिया है। वहीं उसकी पत्नी पद्मिनी चौहान (30 वर्ष) और तीन मासूम बच्चे करुणा (8 वर्ष), खिलेश्वरी (6 वर्ष) और रोहन (करीब 3 वर्ष) अचानक आई इस त्रासदी से बेसहारा हो गए हैं।
पुलिस ने शव चीरघर में रखवाया
धरसींवा पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को चीरघर में सुरक्षित रखवाया है। परिजनों के पहुंचने के उपरांत पोस्टमार्टम कराया जाएगा और फिर शव अंतिम संस्कार हेतु सौंपा जाएगा।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


