कुंदन कुमार/पटना। आज पूरे देश के साथ-साथ बिहार में भी महाशिवरात्रि का पर्व अत्यंत हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही राज्य के तमाम शिवालयों में भक्तों का तांता लगा हुआ है। बक्सर के पौराणिक मंदिरों से लेकर गोपालगंज की गलियों तक, श्रद्धालु हाथों में गंगाजल और पूजन सामग्री लिए कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। विशेषकर महिलाओं में इस पर्व को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है।
खाजपुरा में सोमनाथ की झलक और भव्य शिव-बारात
राजधानी पटना का खाजपुरा शिव मंदिर इस वर्ष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इस बार मंदिर को गुजरात के ऐतिहासिक ‘सोमनाथ मंदिर’ और केसरिया के ‘विराट रामायण मंदिर’ की थीम पर भव्य रूप से सजाया गया है। शहर के विभिन्न कोनों से 30 भव्य शोभायात्राएं और शिव-बारात निकाली जा रही हैं, जिनका गंतव्य खाजपुरा मंदिर ही है। यहां 33 फीट ऊंचे विशाल शिवलिंग की झांकी श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर रही है। वहीं, पटना जंक्शन स्थित प्रसिद्ध महावीर मंदिर में भी विशेष व्यवस्था की गई है, जहां आज दिन भर में 60 रुद्राभिषेक संपन्न होने हैं।
मोतिहारी: विश्व के सबसे बड़े शिवलिंग के स्वरूप की स्थापना
मोतिहारी से भी विशेष समाचार है, जहां निर्माणाधीन विराट रामायण मंदिर परिसर में सहस्र शिवलिंग के छोटे स्वरूप और नंदी जी की स्थापना की जा रही है। यह स्थापना विश्व के सबसे ऊंचे (33 फीट) शिवलिंग की प्रतिकृति के रूप में की गई है, जो धार्मिक पर्यटन और आस्था का बड़ा केंद्र बन रहा है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दी शुभकामनाएं
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई दी है। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि यह पर्व हमारी सांस्कृतिक विरासत को मजबूती प्रदान करता है। मुख्यमंत्री ने अपील की कि सभी नागरिक आपसी प्रेम, सौहार्द्र और सामाजिक सद्भाव के साथ इस उत्सव को मनाएं। उन्होंने कामना की कि महादेव का आशीर्वाद सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


