अमेरिका के कैलिफोर्निया में रह रहे कर्नाटक के 22 वर्षीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया की दुखद मौत हो गई है. साकेत पिछले 6 दिनों से लापता थे, जिसके बाद रविवार को अधिकारियों ने उनके निधन की पुष्टि की. साकेत श्रीनिवासैया कर्नाटक के तुमकुरु जिले के रहने वाले थे और यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, बर्कले में पोस्ट-ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहे थे. उन्हें आखिरी बार कैलिफोर्निया के टिल्डन रीजनल पार्क के पास एक झील के नजदीक देखा गया था. सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने रविवार को इसकी पुष्टि की.
अमेरिका के कैलिफोर्निया में लापता भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया का शव मिला है. इस मामले भारतीय वाणिज्य दूतावास ने परिवार को हर संभव सहायता का भरोसा दिया है.
भारतीय वाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि स्थानीय पुलिस ने साकेत का शव बरामद होने की पुष्टि की है. दूतावास ने उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि इस कठिन समय में वे परिवार के साथ खड़े हैं. दूतावास ने यह भी कहा कि वे स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहे हैं और पार्थिव शरीर को भारत भेजने की प्रक्रिया में हर संभव सहायता देंगे. कांसुलर अधिकारी परिवार के संपर्क में हैं और जरूरी औपचारिकताओं में मदद कर रहे हैं.
साकेत के पिता ने बताया था कि उनकी आखिरी बार बेटे से 9 फरवरी को बात हुई थी. बेटे के लापता होने के बाद परिवार ने उसके दोस्तों और रूममेट्स से संपर्क किया. जब कोई जानकारी नहीं मिली तो बर्कले पुलिस विभाग में शिकायत दर्ज कराई गई. 13 फरवरी को साकेत के माता-पिता ने कर्नाटक की मुख्य सचिव शालिनी रजनीश को पत्र लिखकर मदद मांगी थी, जिसके बाद कर्नाटक सरकार ने केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय से संपर्क साधा था. कर्नाटक सरकार ने विदेश मंत्रालय से हस्तक्षेप कर हर संभव सहायता देने का अनुरोध किया था.
साकेत यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, बर्कले में प्रोडक्ट डेवलपमेंट प्रोग्राम में मास्टर ऑफ साइंस की पढ़ाई कर रहे थे. इससे पहले उन्होंने आईआईटी मद्रास से केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री हासिल की थी.
साकेत की तलाश के लिए पुलिस ने लेक अंजा और टिल्डेन रीजनल पार्क के आसपास बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया था. खोज के दौरान एक घर के पास साकेत का बैकपैक मिला, जिसमें उनका पासपोर्ट और लैपटॉप मौजूद था. इस घटना के बाद सोशल मीडिया और रेडिट (Reddit) पर भी छात्र उन्हें ढूंढने के लिए मुहिम चला रहे थे. दोस्तों के बीच साकेत अपनी बुद्धिमानी और विनम्र स्वभाव के लिए जाने जाते थे. उन्हें डीप-टेक इनोवेशन और सेमीकंडक्टर्स जैसे विषयों में काफी दिलचस्पी थी.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


