नॉर्थ-वेस्ट नाइजीरिया के गांवों में हिंसा गहराती जा रही है. स्थानीय लोगों की मानें तो हमलावरों ने कम-से-कम 30 लोगों की हत्या कर दी है. हमलावरों ने गावों के कई घरों और दुकानों को भी जला दिया. स्थानीय लोगों ने बताया कि शनिवार को नॉर्थ-वेस्ट नाइजीरिया में नाइजर राज्य के तीन गांवों पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया. न्यूज एजेंसी के मुताबिक बेनिन गणराज्य की सीमा के पास स्थित बोर्गु स्थानीय सरकारी क्षेत्र के गांवों पर हमले हुए हैं. कहा जा रहा है कि ये हमले ‘डाकू’ कर रहे हैं. इन डाकुओं ने उत्तरी नाइजीरिया में पहले भी घातक हमले किए हैं. ये फिरौती के लिए अपहरण और समुदायों को विस्थापित करने जैसी घटनाओं को भी अंजाम दे चुके हैं.

नॉर्थ-वेस्ट नाइजीरिया के नाइजर राज्य के तीन गांवों में सशस्त्र डाकुओं ने हमला कर दिया. हमले में कम से कम 30 लोगों के मारे जाने की जानकारी भी सामने आ रही है. स्थानीय पुलिस ने हमलों की पुष्टि की है और सुरक्षा स्थिति गंभीर बनी हुई है.

नाइजर राज्य के पुलिस प्रवक्ता वासिउ अबियोदुन ने एक गांव में हुए हमले की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि हमलावर कोंकोसो गांव की ओर बढ़ गए हैं, जबकि अन्य हमलों के बारे में जानकारी अभी पता नहीं चल पाई है. अबियोदुन ने बताया, ‘संदिग्ध डाकुओं ने तुंगा-मेकेरी गांव पर हमला किया. इस हमले में छह लोगों की जान चली गई, कुछ घरों में आग लगा दी गई और अज्ञात संख्या में लोगों का अपहरण कर लिया गया.’

कोंकोसो निवासी जेरेमिया टिमोथी ने बताया कि उनके गांव पर हमला तड़के रुक-रुक कर गोलीबारी के साथ शुरू हुआ था. वह हमले से बचकर पास के एक गांव में छिपा हुआ था. उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल पर सवार सशस्त्र हमलावरों ने कम-से-कम 30 लोगों की हत्या कर दी.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m