चंडीगढ़। पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बड़ा राजनीतिक धमाका किया। उन्होंने दावा किया कि मान सरकार की नशों के खिलाफ जंग को उस वक्त एक और बड़ी सफलता मिली, जब गुरदासपुर जिले के कलानौर निवासी गुरकीरत सिंह को कथित तौर पर शमशान घाट के अंदर नशा करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। चीमा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पकड़े गए आरोपी का सीधा संबंध कांग्रेस पार्टी से है।

कांग्रेस नेताओं के साथ तस्वीरें उजागर

वित्त मंत्री ने कहा कि आरोपी की कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ तस्वीरें सार्वजनिक हुई हैं, जो यह साबित करती हैं कि नशा तस्करों और सेवन करने वालों को किसका संरक्षण प्राप्त था। विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए चीमा ने कहा कि पंजाब की जनता भली-भांति जानती है कि अकाली-भाजपा गठबंधन और कांग्रेस के शासनकाल में ही प्रदेश में नशे का यह जाल फैला था।

उन्होंने कहा, आज जब सरकार सख्त कार्रवाई कर रही है, तो ऐसे कई चेहरे बेनकाब हो रहे हैं जिनके तार सीधे या परोक्ष रूप से कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा से जुड़े हैं। युवाओं को बर्बाद करने वाली ये पार्टियां अब सरकार की सख्ती से बौखला गई हैं।

रंग ला रही सीएम मान की मुहिम

हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में छेड़ी गई नशा विरोधी मुहिम के सार्थक परिणाम सामने आ रहे हैं। नशा तस्करों में सरकार का इतना खौफ है कि वे या तो पंजाब छोड़कर भाग रहे हैं या फिर जेल की सलाखों के पीछे जा रहे हैं।

सिर्फ गिरफ्तारी नहीं, सुधार भी प्राथमिकता

वित्त मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार का मकसद केवल गिरफ्तारी करना नहीं है, बल्कि समाज सुधार भी है। उन्होंने कहा कि जो भी नौजवान नशे की दलदल में फंसा पाया जा रहा है, सरकार उसका उचित इलाज करवाकर उसे समाज की मुख्यधारा में वापस लाने का काम कर रही है।

जन आंदोलन बना नशा विरोधी अभियान

चीमा ने दावा किया कि पंजाब के लोग सरकार की इस नीति का पूर्ण समर्थन कर रहे हैं और अब यह अभियान एक ‘जन आंदोलन’ का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि लाखों लोग आम आदमी पार्टी और मान सरकार के साथ केवल इसलिए जुड़े हैं क्योंकि उन्हें विश्वास है कि यही सरकार पंजाब की धरती से नशे का मुकम्मल सफाया कर सकती है।