प्रदीप मालवीय, उज्जैन। धर्मधानी उज्जयिनी में महाशिवरात्रि महापर्व पर श्री महाकालेश्वर मंदिर में दोपहर 2 बजे तक लगभग ढाई लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। आज के दिन की खास बात यह है कि मंदिर के पट 44 घंटे तक खुले रहेंगे। विशेष पूजन, भस्म आरती और कड़ी व्यवस्थाओं के बीच श्रद्धालुओं का पहुंचना लगातार जारी है।

महाशिवरात्रि महापर्व पर उज्जैन स्थित 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक श्री महाकालेश्वर मंदिर भक्ति भावना से सराबोर नजर आया। करीब 1.5 किलोमीटर पैदल चलकर श्रद्धालु जब बाबा महाकाल के समक्ष पहुंचे तो कई श्रद्धालुओं की आंखों में आंसू थे, तो कई के चेहरों पर संतोष के भाव दिखाई दिए। जिसे श्रद्धालुओं ने अपने-अपने तरीके से प्रकट किया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर जय श्री महाकाल और हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा।

ये भी पढ़ें: महाकाल की तर्ज पर इस शिवलिंग की होती है ताजी भस्म से आरती, 7 नदियों के जल से अभिषेक, श्री काले महादेव के नाम से विख्यात यह मंदिर

देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालु

बाबा महाकाल के दर्शन के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उज्जैन पहुंच रहे है। श्रद्धालुओं की सुगम, सुरक्षित, व्यवस्थित दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उज्जैन कलेक्टर व अध्यक्ष रोशन कुमार सिंह और मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक की ओर से लगातार मंदिर परिसर-दर्शन मार्ग का विस्तृत निरीक्षण किया गया।

ये भी पढ़ें: 4 शंकराचार्य अर्धनारीश्वर नहीं, वह पुरुष हैंः हिमांगी बोलीं- हम देवताओं की श्रेणी में आते हैं, हम पांचवें नहीं किन्नर समाज के पहले शंकराचार्य

मंदिर के शिखर पर नवीन ध्वजा अर्पित

इसके साथ ही आज भगवान श्री महाकालेश्वर के शिखर पर नवीन ध्वजा अर्पित की गई। इसके पूर्व ध्वजा का पूजन श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी महाकालेश्वर मंदिर के महंत विनीत गिरी महाराज ने किया। कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने कहा कि महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। सुचारू रूप से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन कर रहे हैं। मंदिर परिसर के आसपास जगह-जगह पर पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाय उपलब्ध कराई गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m