पटना। बिहार में कड़ाके की ठंड का दौर अब बीती बात होने वाली है। पछुआ हवाओं के कमजोर पड़ने और धूप की तपिश बढ़ने से राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव देखा जा रहा है। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के अनुसार, 20 फरवरी तक बिहार से ठंड का असर पूरी तरह खत्म होने की संभावना है। फिलहाल, सुबह और शाम के समय हल्की सिहरन महसूस की जा रही है, लेकिन दिन चढ़ते ही धूप के कारण मौसम काफी गर्म हो जाता है।
तापमान में बढ़ोतरी
मौसम विभाग की रिपोर्ट बताती है कि पिछले कुछ दिनों में राज्य के न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की गई है। हालांकि, आने वाले दिनों में तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव देखा जा सकता है, लेकिन ठंड के दोबारा लौटने या कनकनी बढ़ने की कोई संभावना नहीं है। वर्तमान में राज्य के किसी भी जिले के लिए कोहरे, बारिश या शीतलहर का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव और आगामी स्थिति
हिमालयी क्षेत्रों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के संकेत मिले हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इस सिस्टम का बिहार के मैदानी इलाकों पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा। अगले पांच दिनों तक आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और बादलों की आवाजाही न के बराबर होगी।
फरवरी के अंत में दस्तक देगी गर्मी
जैसे-जैसे फरवरी का आखिरी सप्ताह करीब आएगा, तापमान में और भी तेजी से उछाल देखने को मिलेगा। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, फरवरी समाप्त होते-होते गर्मी अपना रंग दिखाना शुरू कर देगी। शुष्क मौसम और साफ आसमान के चलते राज्यवासियों को अब गर्म कपड़ों से राहत मिलने वाली है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


