शब्बीर अहमद, भोपाल। आज यानी 16 फरवरी 2026 से राज्य विधानसभा का बजट सत्र शुरू हो रहा है। यह सत्र 6 मार्च तक चलेगा और इसमें मोहन यादव सरकार की विकास यात्रा पर फोकस रहेगा। सत्र की शुरुआत राज्यपाल मंगू भाई पटेल के अभिभाषण से होगी, जिसमें वे मोहन सरकार की प्रमुख उपलब्धियों और विकास की गाथा गिनाएंगे।
इस बजट सत्र में कुल 12 बैठकों का कार्यक्रम तय किया गया है। सदन में विधायकों ने 3478 प्रश्नों की सूचना दी है, साथ ही 236 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, 10 स्थगन प्रस्ताव और 41 अशासकीय संकल्प पेश होने वाले हैं। शून्य काल में 83 सवाल उठाए जाएंगे। सबसे महत्वपूर्ण तारीख 18 फरवरी है, जब उप मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे। खास बात यह है कि इस बार बजट पूरी तरह पेपरलेस होगा और डिजिटल माध्यम से सदन में प्रस्तुत किया जाएगा।
लेकिन सत्र हंगामेदार रहने के आसार हैं। कांग्रेस ने आज शाम 7 बजे नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के भोपाल स्थित आवास पर विधायक दल की बैठक बुलाई है। बैठक में सत्ता पक्ष को घेरने की रणनीति बनाई जाएगी। विपक्ष के मुख्य एजेंडे में इंदौर का दूषित पानी कांड और छिंदवाड़ा का कफ सिरप कांड शामिल हैं, जहां हाल ही में कई मौतें हुई हैं और जनता में आक्रोश है।
विधानसभा सत्र को लेकर बीजेपी बनाएगी रणनीति
विधानसभा सत्र को लेकर बीजेपी रणनीति बनाएगी। विपक्ष के सवालों का जवाब देने के लिए बीजेपी की विधायक दल की बैठक होगी। 17 फरवरी को मुख्यमंत्री आवास में होगी भाजपा विधायक दल की बैठक होगी। जिसमें विपक्ष के सवालों का जवाब देने के लिए रणनीति तय होगी। भाजपा विधायकों को भी संतुष्ट करने के लिए मंत्रियों को निर्देश दिए जाएंगे। शीतकालीन सत्र के दौरान भाजपा विधायकों ने ही सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए थे।
भोजशाला के भविष्य पर हाईकोर्ट में आज से सुनवाई
धार की ऐतिहासिक और विवादित भोजशाला के धार्मिक स्वरूप को लेकर आज का दिन निर्णायक साबित हो सकता है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) द्वारा किए गए 98 दिनों के विस्तृत वैज्ञानिक सर्वे की रिपोर्ट सोमवार को इंदौर हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच के समक्ष खोली जाएगी। इस रिपोर्ट के सार्वजनिक होने के साथ ही यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि इस ऐतिहासिक स्थल का वास्तविक स्वरूप क्या है।
कोर्ट की कार्यवाही और रिपोर्ट का महत्व
सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के बाद, न्यायमूर्ति विजय कुमार शुक्ला और न्यायमूर्ति आलोक अवस्थी की पीठ इस मामले की सुनवाई करेगी। कार्यसूची में यह मामला 62वें नंबर पर सूचीबद्ध है। सुनवाई के दौरान रिपोर्ट की प्रतियां हिंदू और मुस्लिम दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं को सौंपी जाएंगी। यह पहली बार होगा जब 98 दिनों तक चली खुदाई, कार्बन डेटिंग और वैज्ञानिक परीक्षणों के निष्कर्ष सार्वजनिक होंगे। इसी रिपोर्ट के आधार पर न्यायालय यह तय करेगा कि भोजशाला मंदिर है या मस्जिद।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के आज के कार्यक्रम
- मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव सुबह 10:30 बजे विधानसभा पहुचंगे।
- 11 बजे सदन की कार्यवाही में होंगे शामिल।
- दोपहर 12:55 बजे मंत्रालय जाएंगे।
- 1:00 बजे राज्य वन्य प्राणी बोर्ड (31वीं बैठक) एवं राज्य स्तरीय स्टीयरिंग कमेटी की बैठक।
- 4:25 बजे कुशाभाऊ ठाकरे हॉल कन्वेंशन सेंटर आगमन, एवं स्थानीय कार्यक्रम में सहभागिता।
- 08:25 – 08:30 बजे: बंसल प्लाजा रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे एवं स्थानीय कार्यक्रम।


