पूर्णिया। बिहार के पूर्णिया जिले में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। सहायक खजांची थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर एक शातिर जालसाज को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से 45,500 रुपये के जाली नोट बरामद हुए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कस्बा थाना क्षेत्र के फकीर तकिया (वार्ड-3) निवासी मोहम्मद जुबैर आलम के रूप में हुई है।

​एसपी के निर्देश पर गठित टीम की कार्रवाई

​थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद एसपी स्वीटी सहरावत के निर्देश पर सदर SDPO के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई थी। पुलिस ने जब आरोपी के घर पर अचानक छापा मारा, तो वहां से भारी मात्रा में जाली नोट मिले। बरामद नोटों में सबसे ज्यादा संख्या 200 रुपये के नोटों की थी। जांच में चौंकाने वाला तथ्य यह सामने आया कि 200 रुपये के सभी नोटों का सीरियल नंबर एक ही था, जिससे इनके नकली होने की पुष्टि तुरंत हो गई। इसके अलावा 100 और 50 रुपये के भी जाली नोट मिले हैं।

​ATM में जमा किए थे नकली नोट

​जांच में पता चला कि जुबैर आलम का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। 13 जनवरी 2026 को उसने एक बैंक के एटीएम (CDM मशीन) में 200 रुपये के 6 नकली नोट जमा किए थे। तकनीकी कारणों से राशि खाते में जमा तो हो गई, लेकिन बैंक की जांच और CCTV फुटेज में उसकी पहचान उजागर हो गई।

​बड़े नेटवर्क की तलाश जारी

​पुलिस अब इस बात की तहकीकात कर रही है कि जुबैर इन नोटों को खुद छाप रहा था या वह किसी बड़े गिरोह का हिस्सा है। पुलिस को अंदेशा है कि इस नेटवर्क के तार अन्य जिलों से भी जुड़े हो सकते हैं।