मोहम्मद करीमुल्लाह/ मधुबनी। जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। 10 फरवरी को हुई जयराम मंडल की हत्या के मुख्य आरोपी, मोहम्मद अरसद को पुलिस ने रविवार को जवाबी कार्रवाई के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी है, जबकि उसके दो अन्य साथी मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे।

​हत्याकांड और पुलिस की कार्रवाई

​मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) योगेंद्र कुमार ने बताया कि 10 फरवरी को राघोपुर बलाट के पास अज्ञात हमलावरों ने जयराम मंडल की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज वारदात को सुलझाने के लिए एसडीपीओ सदर-02 के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और फॉरेंसिक रिपोर्ट की मदद से मुख्य आरोपी मोहम्मद अरसद की पहचान की।

​चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग

​रविवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि अरसद अपने दो साथियों के साथ मोटरसाइकिल से रामपट्टी-बलाट रोड की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। पुलिस टीम को देखते ही अपराधियों ने मोटरसाइकिल की रफ्तार बढ़ा दी और पकड़े जाने के डर से मोहम्मद अरसद ने पुलिस पर फायरिंग झोंक दी।

​जवाबी कार्रवाई और गिरफ्तारी

​पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली अरसद के पैर में लगी और वह मोटरसाइकिल से गिर पड़ा। मौके का लाभ उठाकर उसके दो साथी भाग निकले। पुलिस ने घायल अरसद के पास से एक अवैध देशी पिस्टल और कारतूस बरामद किया है। आरोपी को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अरसद पर पहले से ही लूट और चोरी के करीब आधा दर्जन मामले दर्ज हैं।