Team India : इन दिनों टी20 विश्व कप 2026 की धूम है. यह टूर्नामेंट भारत और श्रीलंका की सरजमीं पर चल रहा है, जिसमें कुल 20 टीमों ने हिस्सा लिया है. अब तक 27 मैच हो चुके हैं. 15 तारीख को भारत और पाकिस्तान के बीच ग्रुप स्टेज का 27वां मुकाबला हुआ, जिसमें टीम इंडिया ने 61 रनों से बाजी मारी और इतिहास रच दिया. आईसीसी टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा लगातार जीत के मामले में अब टीम इंडिया जैसा कोई नहीं है. उसने ऑस्ट्रेलिया का 19 साल पुराना एक महारिकॉर्ड तोड़ दिया और नंबर एक पर कब्जा कर लिया है.

नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया

ऑस्ट्रेलिया ने 19 साल पहले आईसीसी टूर्नामेंट में लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने का रिकॉर्ड बनाया था. उसने 2006 से लेकर 2007 के बीच कुल 15 मैच जीते थे, लेकिन अब टीम इंडिया ने यह रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है. भारत के नाम आईसीसी टूर्नामेंट में लगातार 16 जीत दर्ज हो चुकी हैं. मेन इन ब्लू ने 2024–2026 के बीच लगातार 16 मैच जीते हैं. यह एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड है, जिसका टूटना बेहद मुश्किल है.

दुनिया को कर दिया हैरान

टीम इंडिया की लगातार 16 जीत का यह ऐसा कमाल है, जो ना तो पहले कभी हुआ था और ना कोई टीम इस रिकॉर्ड के बारे में सोच रही थी, लेकिन टीम इंडिया ने लगातार जीत दर्ज करके ये बता दिया कि वो विजय रथ पर सवार है और इतिहास रचने निकली है. भारतीय टीम के इस धांसू रिकॉर्ड से दुनिया हैरान है.

आईसीसी टूर्नामेंट में लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीमें

16 जीत, भारत (2024–2026)
15 जीत, ऑस्ट्रेलिया (2006–2007)
14 जीत, ऑस्ट्रेलिया (2023–2024)
13 जीत, ऑस्ट्रेलिया (2003–2004)
12 जीत, भारत (2012–2014)

पाक पर सबसे बड़ी जीत, विश्व कप में लगातार 11वां मैच जीता

भारत ने कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में पाकिस्तान के खिलाफ 61 रनों से जीत दर्ज की. यह टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की सबसे बड़ी जीत है. खास बात यह भी है कि टी20 विश्व कप में टीम इंडिया की यह लगातार 11वीं जीत है. इस लिस्ट में नंबर एक पर 9 जीत के साथ साउथ अफ्रीका है.

IND vs PAK मैच का लेखा-जोखा देखिए

भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 विश्व कप 2026 का 27वां मुकाबला कोलंबो के आर. प्रेमदासा में खेला गया, जिसमें टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने 20 ओवरों में 175 रन बनाए और फिर पाकिस्तान को 118 रनों पर ऑलआउट कर दिया. दोनों टीमों की तरफ से 4-4 स्पिनर खेले थे. जीत के हीरो भारतीय ओपनर ईशान किशन रहे, जिन्होंने 40 गेंदों पर 10 चौके और 3 छक्कों की मदद से 77 रनों की यादगार पारी खेली.