अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। बिहार बोर्ड मैट्रिक (हाई स्कूल) की परीक्षा कल 17 फरवरी से शुरू हो रही है। मैट्रिक परीक्षा के लिए प्रदेश में इस साल कुल 1,699 केंद्र बनाए गए हैं, जहां दो पालियों में कुल 15.12 लाख परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। कुल परीक्षार्थियों की संख्या 15,12,687 है, जिसमें छात्राओं की संख्या 7,85,722 और छात्रों की संख्या 7,26,961 है। बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा ‘जीरो टॉलरेंस पॉलिसी’ के तहत होगी।

बोर्ड ने समय को लेकर सख्त चेतावनी दी है। बोर्ड द्वारा जारी नियम के मुताबिक छात्रों को परीक्षा शुरू होने से 1 घंटा पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। जबकि परीक्षा के शुरू होने से आधा घंटा पहले मुख्य गेट बंद कर दिया जाएगा। इतना ही नहीं, जबरन या अवैध तरीके से देरी से घुसने पर छात्र व छात्राओं को 2 साल के लिए निष्कासित किया जा सकता है और उनके खिलाफ FIR भी दर्ज होगी।

आगामी 17 फरवरी से शुरू होने वाले बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित मैट्रिक परीक्षा को लेकर रोहतास जिला समाहरणालय स्थित डीआरडीए हॉल में आज सोमवार को जिलाधिकारी उदिता सिंह एवं पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ एक बैठक की। बैठक के दौरान डीएम ने स्वच्छ एवं कदाचार मुक्त परीक्षा संपन्न कराने को लेकर संबंधित अधिकारियों को कई दिशा निर्देश दिए।

इस दौरान सख्त निर्देश देते हुए डीएम ने कहा कि, जिस केंद्र पर नकल करते परीक्षार्थी पकड़े जाएंगे उस केंद्र के केंद्राधीक्षक व वीक्षक पर कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा 17 से 24 फरवरी तक चलेगी। जिसमें जिले के हजारों परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के सफल संचालन के लिए सासाराम, डेहरी एवं बिक्रमगंज को मिलाकर कुल 58 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जहां सभी केंद्रों पर दंडाधिकारी, जोनल दंडाधिकारी व पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहेंगे।

वहीं सभी सेंटरों के बाहर धारा 144 लागू होंगी तथा परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से 10 मिनट पहले तक हर हाल में परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। परीक्षा केंद्र पर विलंब से पहुंचने वाले परीक्षार्थियों के किसी भी आग्रह को स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रथम पाली की परीक्षा के लिए 9:30 एवं दूसरी पाली की परीक्षा के लिए 1:45 अंतिम समय सीमा निर्धारित की गई है। जहां सघन तलाशी के पश्चात हीं अभ्यर्थियों को अंदर प्रवेश दिया जाएगा। तय समय सीमा के बाद पहुंचनेवाले परीक्षार्थियो को परीक्षा देने की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ हीं कदाचार रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।

डीएम ने कहा कि, केंद्राधीक्षक को छोड़कर किसी को भी मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। वहीं परीक्षा अवधि के दौरान पूरे जिले में यातायात व्यवस्था सुदृढ़ रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, जिससे परीक्षार्थियों को जाम आदि की समस्या से बचाया जा सके। बैठक के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय सहित अन्य जिलास्तरीय पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें- रोहतास: मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत महिलाओं को मिली बड़ी सौगात, लगभग 70 हजार लाभुकों के खाते में 10 हजार रुपये ट्रांसफर