अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। जिले के बिक्रमगंज स्थित एक रेड लाइट एरिया में सोमवार की शाम हुई अचानक पुलिस की छापेमारी से हड़कंप मच गया। भारी संख्या में पुलिस बल को देख कुछ लोग इधर-उधर भागने लगे और कई घरों के दरवाजे भी बंद हो गए। हालांकि पुलिस की सख्ती के बाद सभी घरों में काफी देर तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया, इसके बाद पुलिस ने छः लोगों को हिरासत में ले लिया।

विभिन्न जगहों से आकर बसे हैं लोग

प्राप्त जानकारी के अनुसार बिक्रमगंज धनगांई एवं दिनारा रोड में अलग-अलग जगहों से आकर काफी संख्या में कुछ लोग बसे हुए हैं, जो शादी विवाह एवं अन्य अवसरों पर नाच गाने का कार्यक्रम करते हैं। चूंकि इन इलाकों में समय-समय पर अनैतिक देह व्यापार की शिकायतें भी पुलिस को मिलती रहती हैं, जिसके आलोक में आज पुलिस ने अचानक छापेमारी की।

वेलफेयर स्कीम के तहत रूटीन जांच

पुलिस छापेमारी के संदर्भ में जानकारी देते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिंधु शेखर सिंह ने बताया कि बिक्रमगंज के कुछ इलाकों में सरकार की वेलफेयर स्कीम के तहत एक रूटीन जांच की गई है, ताकि इस दलदल में फंसे वैसे लोगों को बाहर निकाला जा सके, जो इस अनैतिक धंधे से बाहर आना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को जबरन इस तरह के धंधों में धकेल दिया जाता है, जिसको देखते हुए यह सर्च अभियान चलाया गया है।

हिरासत में लिए गए 6 लोग

बिक्रमगंज डीएसपी ने बताया कि, सर्च अभियान के दौरान इन इलाकों से ना तो कम उम्र के बच्चों को बरामद किया गया है और ना हीं कोई अनैतिक कार्य में संलिप्त पाया गया है। सभी लोग नाच गाने का काम करते हैं, लेकिन चार महिलाएं समेत छः लोगों को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। जिला मुख्यालय से आई एक टीम हिरासत में लिए गए लोगों से काउंसलिंग एवं पूछताछ कर रही है।

ये भी पढ़ें- शर्मनाक: यूपी की महिला डांसर के साथ बिहार में गैंगरेप, विरोध करने पर पीटा, ऑर्केस्ट्रा संचालक समेत 3 गिरफ्तार