मनेंद्र पटेल, दुर्ग। जिले के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत देव बलौदा स्थित प्राचीन शिव मंदिर के सामने आयोजित पांच दिवसीय मेले में धार्मिक विवाद का मामला सामने आया है। बजरंग दल और हिंदू जागरण मंच ने आरोप लगाया है कि मेले में मुस्लिम समुदाय के कुछ लोग हिंदू देवी-देवताओं की तस्वीरें और उनसे जुड़े कपड़े बेच रहे हैं, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं। संगठनों ने इस मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार महाशिवरात्रि के अवसर पर शिव मंदिर परिसर के समीप प्रतिवर्ष पांच दिवसीय मेले का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी बड़ी संख्या में दुकानदारों ने मेले में दुकानें लगाई हैं। हिंदू संगठनों का आरोप है कि कुछ मुस्लिम दुकानदार हिंदू नामों का उपयोग कर खाद्य सामग्री और अन्य सामान का विक्रय कर रहे हैं। आरोप यह भी है कि कुछ स्टॉलों पर हिंदू देवी-देवताओं की तस्वीरें और तस्वीर वाले वस्त्र बेचे जा रहे हैं, जिसे लेकर आपत्ति जताई गई।

बजरंग दल और हिंदू जागरण मंच की संयोजिका ज्योति शर्मा अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचीं और नारेबाजी करते हुए संबंधित दुकानदारों का विरोध किया। संगठनों के कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर कुछ दुकानों को बंद करवा दिया और मंदिर परिसर के आसपास इस प्रकार की गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने पुरानी भिलाई थाना पुलिस को ज्ञापन सौंपकर उचित कार्रवाई की मांग की है।

संगठनों का यह भी आरोप है कि नागपुर से आए कुछ मुस्लिम समुदाय के लोग ‘अजीत चाट सेंटर’ जैसे हिंदू नामों से व्यवसाय कर रहे थे। साथ ही, एक महिला विक्रेता द्वारा ‘जय श्री राम’ का नारा लगाने से इनकार किए जाने पर भी विवाद की स्थिति बनी। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने संबंधित लोगों को मेला स्थल छोड़ने की चेतावनी दी।
घटना के दौरान पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा और स्थिति को नियंत्रण में रखा। मेले जैसे सार्वजनिक आयोजनों में इस प्रकार के विवाद ने स्थानीय स्तर पर तनाव की स्थिति पैदा कर दी है। प्रशासन की कोशिश है कि मामले को शांतिपूर्वक सुलझाया जाए और क्षेत्र में सौहार्दपूर्ण माहौल बना रहे।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


