दिल्ली की महिलाओं और ट्रांसजेंडर्स के लिए सार्वजनिक परिवहन को और सुगम बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। दिल्ली परिवहन निगम (DTC) की बसों में मुफ्त यात्रा के लिए जल्द ही पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड (Pink Saheli Smart Card ) जारी किए जाएंगे। दिल्ली सरकार इस योजना को 19 फरवरी को लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। इस कार्ड के जरिए महिलाओं और ट्रांसजेंडर यात्रियों को डीटीसी बसों में मुफ्त सफर की सुविधा डिजिटल तरीके से मिलेगी, जिससे मौजूदा पेपर टिकट या अन्य व्यवस्थाओं की जरूरत कम हो जाएगी।
आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के बाद मिलने वाले पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड का इस्तेमाल दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की बसों में कंडक्टर के पास मौजूद ईटीएम (इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीन) पर टैप करके किया जा सकेगा। अभी दिल्ली की बसों में महिलाओं और ट्रांसजेंडर यात्रियों को मुफ्त यात्रा के लिए हर बार कंडक्टर से पिंक टिकट लेना पड़ता है, यानी प्रत्येक सफर के लिए अलग टिकट जारी होता है। लेकिन स्मार्ट कार्ड लागू होने के बाद इस प्रक्रिया से छुटकारा मिल जाएगा और यात्रा अधिक आसान व तेज हो जाएगी।
दिल्ली परिवहन निगम (DTC) के अनुसार, पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड योजना लॉन्च होते ही ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। दिल्ली की रहने वाली महिलाएं ऑनलाइन आवेदन करके यह कार्ड प्राप्त कर सकेंगी। कार्ड मिलने के बाद, मेट्रो की तरह हर बार बस में चढ़ते समय इसे कंडक्टर की ईटीएम (इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीन) पर टैप करना होगा, जिसके बाद मुफ्त यात्रा की अनुमति मिल जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक, जिन महिलाओं के पास यह पिंक कार्ड नहीं होगा, उन्हें मुफ्त सफर की सुविधा नहीं मिलेगी। दिल्ली सरकार का मानना है कि इस व्यवस्था से मुफ्त यात्रा योजना अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी और डिजिटल हो सकेगी।
कार्ड जारी करने के लिए केंद्र बनाए जाएंगे
पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड (गुलाबी कार्ड), नीला कार्ड और नारंगी कार्ड जारी करने के लिए दिल्ली में जगह-जगह विशेष बूथ भी बनाए जाएंगे। दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के मुताबिक, ये बूथ प्रमुख बस डिपो, पास केंद्रों और अधिकृत बैंकों द्वारा चयनित स्थानों पर स्थापित किए जाएंगे, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग आसानी से कार्ड बनवा सकें। योजना की लॉन्चिंग के बाद दिल्ली सरकार और डीटीसी की ओर से इन सभी बूथों और केंद्रों की विस्तृत सूची जारी की जाएगी। इससे आवेदकों को अपने नजदीकी स्थान पर जाकर कार्ड बनवाने में सुविधा होगी।
दिल्ली सरकार महिलाओं से बसों में मुफ्त सफर का अधिकार छीनना चाहती है : कांग्रेस
देवेन्द्र यादव ने हाल ही में दिल्ली सरकार पर महिलाओं की बसों में मुफ्त यात्रा सुविधा को सीमित करने की कोशिश का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि झुग्गी-झोपड़ी, पुनर्वास कॉलोनियों, अनाधिकृत कॉलोनियों और दिल्ली के ग्रामीण इलाकों में रहने वाली अशिक्षित या कम पढ़ी-लिखी महिलाओं के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और केवाईसी प्रक्रिया पूरी करना बेहद मुश्किल होगा।
यादव ने यह भी आरोप लगाया कि दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा के लिए पिंक सहेली कार्ड लागू करने की तैयारी की खबरें सामने आ रही हैं, जिससे मुफ्त सफर पर असर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता महिलाओं की फ्री यात्रा सुविधा पर रोक लगाना चाहती हैं।
कांग्रेस नेता ने बसों की कमी का मुद्दा भी उठाया। उनके अनुसार, दिल्ली में लगभग 11,000 बसों की जरूरत है, जबकि डीटीसी और क्लस्टर बसों की संख्या इससे काफी कम है। उन्होंने कहा कि पुरानी बसें लगातार सड़कों से हटाई जा रही हैं और नई इलेक्ट्रिक बसें घोषणाओं के बावजूद पर्याप्त संख्या में नहीं जोड़ी जा रही हैं। यादव ने सवाल उठाया कि जब बसों की संख्या ही पर्याप्त नहीं है, तो सरकार महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा प्रभावी ढंग से कैसे जारी रख पाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


