रायपुर। राजधानी के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों को व्यवस्थित करने की दिशा में बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया गया है। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की पहल पर रायपुर पुलिस प्रशासन ने मालवीय रोड को ‘नो-वेंडिंग’ और ‘नो-पार्किंग’ जोन घोषित कर दिया है। यह निर्णय चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के नेतृत्व में चलाए गए सतत प्रयासों का परिणाम बताया जा रहा है।

28 जनवरी की बैठक के बाद बना रास्ता

जानकारी के अनुसार 28 जनवरी 2026 को चेम्बर भवन में सतीश थौरानी की अध्यक्षता में नगर निगम और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई थी। बैठक में मालवीय रोड समेत जी.ई. रोड और के.के. रोड की ट्रैफिक अव्यवस्था, फुटपाथों पर बढ़ते अतिक्रमण और अवैध वेंडिंग की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया था।

थौरानी ने प्रशासन से स्पष्ट मांग की थी कि फुटपाथों से अवैध कब्जे हटाए जाएं और बाजार क्षेत्र को सुव्यवस्थित करने के लिए ‘नो वेंडर जोन’ घोषित किया जाए।

व्यापारियों ने भी दिया समर्थन

मालवीय रोड शारदा चौक व्यापारी संघ के अध्यक्ष तरल मोदी और संघ के महामंत्री एवं चेम्बर कार्यकारी अध्यक्ष राजेश वासवानी ने औपचारिक पत्र के माध्यम से चेम्बर को आवेदन देकर क्षेत्र की बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था और बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

व्यापारियों का कहना था कि अव्यवस्थित पार्किंग और फुटपाथ पर कब्जों के कारण ग्राहकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है, जिससे व्यापार भी प्रभावित हो रहा था।

पुलिस प्रशासन की नई कार्ययोजना

रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला द्वारा नई कार्ययोजना लागू की गई है, जिसके तहत:

  • मालवीय रोड, जी.ई. रोड और के.के. रोड पर ठेले-गुमटी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।
  • प्रमुख तिराहों और चौक-चौराहों से 50 मीटर की परिधि में सख्ती से नो-पार्किंग जोन लागू किया जाएगा।
  • रिंग रोड-1 पर अवैध पार्किंग के खिलाफ रोजाना विशेष अभियान चलाया जाएगा।
  • शहर के 18 प्रमुख चौराहों को ‘लेफ्ट फ्री’ किया जाएगा, जिससे यातायात का प्रवाह सुगम रहेगा।

प्रशासन का मानना है कि इन कदमों से बाजार क्षेत्रों में ट्रैफिक दबाव कम होगा और ग्राहकों व व्यापारियों दोनों को राहत मिलेगी।

व्यापारियों में उत्साह

चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने इसे राजधानी के व्यापारियों की बड़ी जीत बताया। उन्होंने कहा, “यह जीत उन सभी व्यापारियों की है जो वर्षों से ट्रैफिक और अतिक्रमण की समस्या से जूझ रहे थे। प्रशासन का यह निर्णय बाजार की रौनक लौटाने और व्यापार वृद्धि में सहायक सिद्ध होगा।” उन्होंने प्रशासन को धन्यवाद देते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन भी दिया।

राजधानी में बाजारों को सुव्यवस्थित करने की दिशा में उठाया गया यह कदम आने वाले समय में व्यापार और यातायात व्यवस्था दोनों के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H