​मधुबनी। भारतीय अर्थव्यवस्था को चोट पहुंचाने की पाकिस्तानी साजिश के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी कामयाबी मिली है। मधुबनी पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने एक संयुक्त ऑपरेशन चलाकर शहर के कोतवाली चौक से मोहम्मद अबुल इनाम उर्फ ‘लादेन’ को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पाकिस्तान से नेपाल के रास्ते भारत में जाली नोटों की तस्करी करने वाले गिरोह का सक्रिय सदस्य होने का आरोप है।

​नेपाल बॉर्डर बना तस्करी का सेफ पैसेज

​जयनगर डीएसपी राघव दयाल ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ बासोपट्टी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच के अनुसार, यह गिरोह पिछले एक साल से सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय था। ये लोग पाकिस्तान में छपे हाई क्वालिटी जाली भारतीय नोटों (FICN) को नेपाल के रास्ते बिहार के बाजारों में खपाने का काम करते थे।

​पाकिस्तानी हैंडलर को भगाने में निभाई भूमिका

​जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ है कि ‘लादेन’ ने जाली नोटों के मुख्य हैंडलर और पाकिस्तानी नागरिक मोहम्मद अंसारी को भारतीय सीमा से नेपाल सुरक्षित भागने में मदद की थी। सुरक्षा एजेंसियों के पास पुख्ता इनपुट हैं कि आरोपी अंतरराष्ट्रीय तस्करों के सीधे संपर्क में था और उन्हें स्थानीय स्तर पर लॉजिस्टिक सहायता प्रदान कर रहा था।

​एजेंसियों की रडार पर पूरा नेटवर्क

​फिलहाल, खुफिया विभाग और पुलिस की टीमें फरार पाकिस्तानी नागरिक मोहम्मद अंसारी की तलाश में जुटी हैं। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस गिरफ्तारी से सीमा पार से चल रहे जाली नोटों के बड़े रैकेट का पर्दाफाश हो सकता है। मधुबनी और आसपास के जिलों में छापेमारी तेज कर दी गई है ताकि इस नेटवर्क की जड़ों को पूरी तरह से उखाड़ा जा सके।