पटना। ​विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख मुकेश सहनी के पूर्व करीबी और कद्दावर नेता नीतीश कुमार द्विवेदी ने बिहार की राजनीति और सामाजिक गलियारों में नई हलचल पैदा कर दी है। उन्होंने अपने नए सामाजिक संगठन ‘नौजवानों की आवाज’ की आधिकारिक घोषणा कर दी है। संगठन की पहली बैठक की अध्यक्षता करते हुए नीतीश द्विवेदी ने साफ कर दिया कि अब उनका लक्ष्य बिहार के युवाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना है।

​38 जिलों की 19 महीने लंबी यात्रा

​नीतीश द्विवेदी ने युवाओं से जुड़ने के लिए एक बेहद महत्वाकांक्षी योजना तैयार की है। वह बिहार के सभी 38 जिलों में 19 महीनों की जनसंपर्क यात्रा पर निकलेंगे। इस यात्रा का उद्देश्य युवाओं से सीधा संवाद स्थापित करना और उनकी जमीनी समस्याओं को समझना है। द्विवेदी का मानना है कि प्रदेश का युवा आज भी शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास जैसे मूलभूत मुद्दों के लिए संघर्ष कर रहा है।

​संगठन का ढांचा और चार प्रमुख प्रकोष्ठ

​संगठन को प्रभावी और व्यवस्थित बनाने के लिए इसमें चार अलग-अलग प्रकोष्ठों का गठन किया गया है। यह विंग्स युवाओं से जुड़े विशिष्ट मुद्दों पर केंद्रित होकर काम करेंगी। बैठक के दौरान संगठन के विस्तार और सुदृढ़ीकरण को लेकर कई अहम रणनीतिक निर्णय भी लिए गए।

​पुराना अनुभव और बागी तेवर

​बता दें कि नीतीश द्विवेदी VIP के राष्ट्रीय सचिव रह चुके हैं और महाराजगंज विधानसभा चुनाव के दौरान बागी तेवर दिखाते हुए निर्दलीय चुनाव भी लड़ चुके हैं। अपने चुनावी अनुभवों को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान वह करीब एक लाख लोगों से मिले और युवाओं की दयनीय स्थिति को करीब से देखा। अब उनका यह संगठन युवाओं की समस्याओं को प्रशासन और संबंधित विभागों तक मजबूती से पहुंचाने का काम करेगा।