​किशनगंज। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए एआईसीसी (AICC) ऑब्जर्वर और हरियाणा के विधायक आफताब अहमद किशनगंज पहुंचे। जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने पार्टी के आगामी रोडमैप और रणनीतियों को साझा किया। इस मौके पर स्थानीय सांसद डॉ. मो. जावेद आजाद भी उपस्थित रहे।

​संगठन सृजन अभियान

​आफताब अहमद ने बताया कि पिछले वर्ष के अधिवेशन में लिए गए संकल्प के अनुसार, कांग्रेस ‘संगठन सृजन अभियान’ के माध्यम से अपनी जड़ों को मजबूत कर रही है। अब तक 14 राज्यों में पांच चरण सफलतापूर्वक पूरे किए जा चुके हैं, जिसके तहत लगभग 550 संगठनात्मक पदों पर नियुक्तियां की गई हैं। किशनगंज से अब इसके छठे चरण का आगाज हो रहा है।

​चयन प्रक्रिया में बड़ा बदलाव

​अहमद ने स्पष्ट किया कि अब जिलाध्यक्षों का चयन बंद कमरों या प्रदेश की राजधानियों से नहीं होगा। पार्टी सीधे जिलों में पहुंचकर कार्यकर्ताओं से संवाद कर रही है। इच्छुक कार्यकर्ता अपना बायोडाटा जमा करेंगे, जिसके आधार पर योग्यता और समर्पण को देखते हुए पदों का आवंटन होगा। यह कदम पार्टी के भीतर लोकतंत्र को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को मान-सम्मान देने के लिए उठाया गया है।

​बंगाल चुनाव और सांप्रदायिक बयानबाजी पर प्रहार

​आगामी बंगाल चुनाव पर चर्चा करते हुए नेताओं ने कहा कि पार्टी युद्ध स्तर पर तैयारी कर रही है और हर विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया जा रहा है। वहीं, असम के मुख्यमंत्री द्वारा मुस्लिम समुदाय पर दिए गए विवादास्पद बयान पर सांसद डॉ. जावेद आजाद ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने प्रधानमंत्री से सवाल किया कि क्या ऐसे बयानों के लिए ‘लाइसेंस’ दिया गया है? आजाद ने कहा कि भारतीय संविधान सबको बराबरी का हक देता है और नफरत भरी बयानबाजी की देश में कोई जगह नहीं है।