अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट रोजमर्रा की रसोई का अहम हिस्सा है, लेकिन अक्सर कुछ ही दिनों में इसका रंग बदल जाता है. सही तरह से स्टोर करने से इसे महीनों तक ताजा रखा जा सकता है. पेस्ट बनाते समय थोड़ा सा नमक और तेल मिलाने से ऑक्सीकरण कम होता है. एयरटाइट कंटेनर का उपयोग करें और फ्रिज में रखें. आइस क्यूब ट्रे में जमाकर छोटे हिस्सों में स्टोर करना भी कारगर तरीका है. ऊपर से पतली तेल की परत लगाने से रंग और स्वाद लंबे समय तक बरकरार रहता है. नमी से बचानाऔर साफ चम्मच का इस्तेमाल करना भी जरूरी है आइए जानते हैं इसे कैसे सुरक्षित रखें.

पेस्ट बनाते समय ही सावधानी रखें
अदरक और हरी मिर्च को अच्छी तरह धोकर पूरी तरह सुखा लें. नमी रहने से पेस्ट जल्दी खराब होता है. पीसते समय थोड़ा सा नमक और 1–2 चम्मच तेल (सरसों या रिफाइंड) मिला दें. नमक प्रिजर्वेटिव की तरह काम करता है. तेल ऑक्सीकरण कम करता है, जिससे रंग नहीं बदलता.
एयरटाइट कंटेनर का इस्तेमाल करें
पेस्ट को हमेशा कांच या फूड-ग्रेड प्लास्टिक के एयरटाइट डिब्बे में रखें. ढक्कन अच्छी तरह बंद करें ताकि हवा अंदर न जाए. इसे फ्रिज के अंदर वाले हिस्से में रखें, दरवाजे में नहीं (वहाँ तापमान बदलता रहता है).
ऊपर से तेल की पतली परत लगाएँ
कंटेनर में रखने के बाद पेस्ट की सतह पर ½ चम्मच तेल की पतली लेयर फैला दें. यह हवा के संपर्क को कम करता है और रंग व स्वाद लंबे समय तक बनाए रखता है.
आइस क्यूब ट्रे में स्टोर करने का तरीका (लंबे समय के लिए)
पेस्ट को आइस क्यूब ट्रे में भरकर फ्रीज़र में जमा दें. जमने के बाद क्यूब्स को ज़िप-लॉक बैग में डालकर स्टोर करें. जरूरत पड़ने पर एक-एक क्यूब निकालकर इस्तेमाल करें. इस तरीके से पेस्ट 2–3 महीने तक आराम से चल सकता है.
इस्तेमाल करते समय ये गलती न करें
हमेशा सूखा और साफ चम्मच ही डालें. गीला चम्मच डालने से फंगस लगने का खतरा बढ़ जाता है. बार-बार बाहर निकालकर देर तक खुला न रखें.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


