बेगूसराय। जिले में प्रतिशोध की एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है, जहां एक युवक अपने पड़ोसी को जेल भेजने की साजिश में खुद ही सलाखों के पीछे पहुंच गया। यह मामला बलिया थाना क्षेत्र के सोनदीपी दियारा का है। यहां पुलिस और STF ने मिलकर एक ऐसी साजिश का पर्दाफाश किया है, जिसे सुनकर हर कोई दंग है।
STF को दी गई थी गुप्त सूचना
पूरे मामले की शुरुआत तब हुई जब STF की SOG-3 टीम को सूचना मिली कि सोनदीपी दियारा निवासी नुनुलाल यादव के घर में भारी मात्रा में अवैध हथियार छिपाकर रखे गए हैं। सूचना को पुख्ता मानते हुए बलिया थाना पुलिस और STF की टीम ने तत्काल नुनुलाल के पशु रखने वाले स्थान (बथान) पर छापेमारी की।
उपलों के ढेर में मिला कट्टा और कारतूस
तलाशी के दौरान पुलिस को गोइठा (उपले) के ढेर के पीछे एक हरे रंग की पॉलिथीन मिली। जब उसे खोला गया, तो उसमें से एक देसी कट्टा और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए। शुरुआत में पुलिस को लगा कि नुनुलाल ही अपराधी है, लेकिन जब स्थानीय स्तर पर बारीकी से जांच शुरू हुई, तो मामला पूरी तरह पलट गया।
जमीनी विवाद और बदले की आग
जांच में पता चला कि सूचना देने वाला युवक धर्मराज कुमार और नुनुलाल यादव पड़ोसी हैं और उनके बीच पुराना जमीनी विवाद चल रहा है। हाल ही में हुए एक झगड़े में धर्मराज के पक्ष के चार लोग जेल गए थे। इसी का बदला लेने के लिए धर्मराज ने खुद हथियार खरीदे और चोरी-छिपे नुनुलाल के बथान में रख दिए ताकि उसे पुलिस से गिरफ्तार करवा सके।
पुलिस की सख्ती के आगे टूटा आरोपी
संदेह होने पर जब पुलिस ने मुखबिर धर्मराज को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। एसपी मनीष ने बताया कि पुलिस को गुमराह करना और अवैध हथियार रखना गंभीर अपराध है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की आगे की कार्रवाई जारी है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


