होली आने वाली हो और घर में पापड़–चिप्स की तैयारी न शुरू हो, ऐसा कैसे हो सकता है. बाजार में बहुत अच्छे आलू भी आने लगे हैं और घरों घर चिप्स- पापड़ बनने शुरू हो गए हैं. लेकिन अगर धूप की कमी आपको रोक रही है, तो चिंता छोड़िए. बिना तेज धूप के भी आप साबूदाना पापड़, चावल के पापड़, आलू के पापड़ और चिप्स आसानी से सुखा सकती हैं. ये रहे कुछ आसान और काम के तरीके.

पंखे की हवा से सुखाएं

अगर घर में अच्छी हवा का सर्कुलेशन है तो पापड़/चिप्स को प्लास्टिक शीट या कॉटन कपड़े पर फैलाकर पंखे के नीचे रख दें.

नीचे सूती कपड़ा या प्लास्टिक शीट बिछाएं

पापड़ के बीच थोड़ा गैप रखें. दिन में 1–2 बार पलट दें. 2–3 दिन में ये अच्छे से सूख जाते हैं.

ओवन का इस्तेमाल करें

अगर आपके पास ओवन है तो यह सबसे आसान तरीका है. ओवन को 50–60°C पर प्रीहीट करें. ट्रे पर बटर पेपर लगाकर पापड़ रखें. दरवाजा थोड़ा खुला छोड़ दें (नमी बाहर निकलने के लिए). 1–2 घंटे में अच्छे से सूख जाते हैं. ध्यान रखें कि तापमान ज्यादा न हो, वरना पापड़ फूल सकते हैं.

माइक्रोवेव (ड्राई मोड / कन्वेक्शन)

कन्वेक्शन मोड में कम तापमान (लगभग 60°C) पर सुखाया जा सकता है. छोटे बैच में सुखाएं और बीच-बीच में चेक करते रहें.

गैस पर जाली रखकर

बड़ी कड़ाही या तवे पर स्टैंड/जाली रखकर बहुत हल्की आंच पर पापड़ सुखा सकती हैं. सीधे आंच पर न रखें. लगातार पलटते रहें. यह तरीका थोड़ा समय लेता है लेकिन काम कर जाता है.

डीहाइड्रेटर मशीन

अगर आप हर साल बड़ी मात्रा में पापड़/चिप्स बनाती हैं तो फूड डीहाइड्रेटर अच्छा विकल्प है. यह समान रूप से सुखाता है और मौसम की टेंशन भी खत्म.

धूप का स्मार्ट इस्तेमाल

अगर बालकनी में 2–3 घंटे भी धूप आती है तो सुबह जल्दी पापड़ डालें, दोपहर तक धूप मिले तो फायदा उठाएं. बाकी समय पंखे की हवा में सुखाएं.

जरूरी टिप्स

  1. पापड़ पूरी तरह सूखे हों तभी स्टोर करें.
  2. स्टोर करने से पहले 1 दिन खुली हवा में रखें.
  3. एयरटाइट कंटेनर में रखें.
  4. नमी से बचाने के लिए कंटेनर में सिलिका पाउच या सूखा नमक कपड़े में बांधकर रख सकती हैं.