असम में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन बोरा ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया. उनके BJP में शामिल होने को लेकर असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने कहा कि इसका कोई भी असर चुनावी संभावनाओं पर नहीं होगा. गौरव गोगोई ने कहा कि हिमंता बिस्वा सरमा असम के जिन्ना हैं. असम के सीएम ने इससे पहले ने कहा था कि भूपेन बोरा 22 फरवरी को बीजेपी में शामिल होंगे. असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की ओर से बोरा को कांग्रेस का आखिरी हिंदू नेता कहने पर असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने आरोप लगाया कि वह (हिमंता बिस्वा सरमा) असम के जिन्ना हैं और उन्हें नेताओं को हिंदू प्रमाण पत्र देना बंद कर देना चाहिए.

गौरव गोगोई ने बुधवार (18 फरवरी 2026) को कहा कि सत्ताधारी बीजेपी में शामिल होने वाले लोग अपने राजनीतिक सफर में महत्वहीन हो गए हैं और भूपेन बोरा का भी यही हाल होगा.

असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने कहा कि सत्ताधारी BJP में शामिल होने वाले लोग अपने राजनीतिक सफर में महत्वहीन हो गए हैं और भूपेन बोरा का भी यही हाल होगा. उन्होंने कहा, ‘हम सरबानंद सोनोवाल और कई अन्य लोगों का उदाहरण देख सकते हैं. एजीपी पार्टी (सोनोवाल की पिछली पार्टी) विलुप्त होने की कगार पर है.

उन्होंने आगे कहा कि BJP पुराने कांग्रेस नेताओं से भरी पड़ी है, जो राज्य में कांग्रेस के 15 साल के शासनकाल में सबसे भ्रष्ट थे. कांग्रेस एक समंदर की तरह है और हम सब उसमें पानी की बूंदें मात्र हैं. कांग्रेस हमारे पूर्वजों के अस्तित्व से बहुत पहले से मौजूद है.

भूपेन बोरा ने बुधवार को दावा किया कि असम कांग्रेस अब गौरव गोगोई के नियंत्रण में नहीं है, बल्कि धुबरी के सांसद रकीबुल हुसैन पार्टी के मुख्य कर्ताधर्ता हैं. बोरा ने कहा कि सोमवार को उनके द्वारा कांग्रेस आलाकमान को अपना त्यागपत्र भेजने के बाद लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने उन्हें फोन किया. उन्होंने कहा, ‘मुझे एहसास हुआ कि पार्टी में मेरी कोई आवश्यकता नहीं है, इसलिए मैंने इस्तीफा दे दिया.

कांग्रेस के राज्य प्रभारी जितेंद्र सिंह ने नौ फरवरी को पार्टी के छह नेताओं के साथ एक बैठक की थी और उन्हें विधानसभा चुनाव से पहले विपक्षी गठबंधन की बातचीत आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी दी गई थी. मैंने वह स्वीकार किया क्योंकि यह पार्टी का निर्णय था और मुझे यह भी लगा कि गठबंधन आवश्यक है क्योंकि कांग्रेस अकेले बीजेपी का सामना नहीं कर सकती.’

भूपेन बोरा ने कहा, ‘मुझे लगा कि बीजेपी विरोधी वोट को एकजुट करने की जरूरत है, जिससे विधानसभा चुनाव में अच्छा मुकाबला सुनिश्चित होगा. अगले दिन मुझे गौरव गोगोई का फोन आया, जिन्होंने कहा कि आप अकेले नहीं हैं, बल्कि रकीबुल हुसैन गठबंधन वार्ता को आगे बढ़ाने में आपके साथ होंगे.’

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m