बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में राष्ट्रीय पर्व की गरिमा को धूमिल करने के मामले में प्रशासन ने एक बड़ी दंडात्मक कार्रवाई की है. रामचंद्रपुर स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में भोजपुरी गाने पर डांस कराए जाने के मामले में प्रभारी प्राचार्य को निलंबित कर दिया गया है.


सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो
पूरा मामला 26 जनवरी का है, जब स्कूल में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान छात्रों द्वारा विवादित भोजपुरी गानों पर नृत्य किया गया था. इस कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद आम लोगों और अभिभावकों ने राष्ट्रीय पर्व के दिन इस तरह के गानों के चयन पर कड़ी आपत्ति जताई थी.
जांच के बाद प्रशासन का सख्त एक्शन
मीडिया में खबर आने के बाद जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया. जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने तत्काल स्कूल के प्रभारी प्राचार्य बसंत गुप्ता को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था. प्राचार्य से प्राप्त प्रतिवेदन को संतोषजनक न पाते हुए मामले की रिपोर्ट सरगुजा संभाग आयुक्त कार्यालय को भेजी गई थी.
संभागायुक्त ने जारी किया निलंबन आदेश
सरगुजा संभागायुक्त ने कर्तव्य में लापरवाही बरतने और राष्ट्रीय पर्व की गरिमा को ठेस पहुंचाने के आरोप में प्रभारी प्राचार्य बसंत गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बलरामपुर नियत किया गया है. प्रशासन की इस कार्रवाई से जिले के अन्य शिक्षण संस्थानों को भी कड़ा संदेश गया है कि राष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रमों की गरिमा से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें


