Ramadan 2026: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रमजान के पवित्र महीने के प्रारंभ होने पर राज्यवासियों विशेषकर मुस्लिम भाई-बहनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। सीएम नीतीश सोशल मीडिया एक्स के माध्यम से जारी संदेश में कहा कि- रमजान का महीना रहमतों का महीना है। पूरे महीने खुदा की रहमतों की बारिश होती है। खुदा की नजर में रोजेदारों की दुआएं मकबूल होती हैं। खुदा उनकी इबादत को स्वीकार करते हैं और उसके बदले तमाम इंसानों पर अपनी रहमतों की बारिश करते हैं।

मुख्यमंत्री ने खुदा से दुआ करते हुए कहा कि- खुदा तमाम रोजेदारों की दुआओं को कबूल करें और हम सबों के बीच मोहब्बत, एक दूसरे के प्रति आदर, स‌द्भाव और इज्जत की भावना को बढ़ायें ताकि हमलोग मिलकर देश एवं राज्य की तरक्की में योगदान दें।

पप्पू यादव ने भी दी बधाई

पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने भी रमजान के शुरू होने पर बधाई दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा- रमजान मुबारक। इबादत, रहमत, बरकत नेकी का मुकद्दस माह रमजान। सबकी जिंदगी में खुशियां सुकून लाए!

आज से शुरू हुआ इस्लाम का पवित्र महिना

इस्लामी कैलेंडर के सबसे पाक महीने रमजान का आज गुरुवार (19 फरवरी) से आगाज हो चुका है। इस दौरान मुस्लिम सम्प्रदाय के लोग दुआएं कुबूल करने की मन्नतें मांगते हैं और रोजा रखते हैं। इस्लामिक धर्म के अनुसार सुबह की सेहरी से लेकर शाम की इफ्तार तक, रोजेदारों के लिए हर दिन बेहद खास होता है। इस पूरे महीने रोजा रखा जाता है और 5 बार नमाज अदा की जाती है।

ये भी पढ़ें- ’80 चुटकी 90 ताल, रगड़ के खैनी मुंह में डाल’, सदन में क्या खा रहे थे सम्राट चौधरी? राजद-कांग्रेस ने VIDEO शेयर करते हुए ली चुटकी