Rajasthan Assembly News: विधानसभा में शून्यकाल के दौरान विधायकों ने कई स्थानीय मुद्दे उठाए। इनमें ओबीसी आरक्षण, स्टेट हाईवे पर वार्षिक पास लागू करने, जूली फ्लोरा काटने, जवाहर नगर में हुई हत्या, चरागाह भूमि के संरक्षण, बज्जू में भूमि आवंटन, सिंथेटिक दूध, मिल्क केक, पत्थर की लीज, पशु चिकित्साकर्मियों की नियुक्ति और ड्रेनेज की व्यवस्था जैसे मुददे शामिल रहे।

ओबीसी आरक्षण का मामला सदन में गूंजा

स्थगन प्रस्ताव के माध्यम से सूरतगढ़ विधायक डूंगराराम गेदर ने प्रदेश में ओबीसी वर्ग के आरक्षण को लेकर कहा कि राजस्थान में 54 प्रतिशत ओबीसी की आबादी है, लेकिन आरक्षण सिर्फ 21 प्रतिशत है। मेरिट के आधार पर चयनित अभ्यर्थी को भी एससी, एसटी और ओबीसी के वर्ग में गिना जाता है। इससे ओबीसी के पद भी कम हो जाते हैं। हाल ही में एलडीसी भर्ती में 500 पद कम किए गए, चतुर्थ श्रेणी में 700 पद ओबीसी के कम कर दिए गए। उन्होंने ओबीसी प्रमाणपत्र की वैधता 5 साल करने की मांग की।

स्टेट हाईवे पर भी बने वार्षिक पास

विधायक डॉ. ऋतु बनावत ने कहा कि जयपुर बयाना के बीच 180 किमी की दूरी है। इस दूरी में 139 किमी नेशनल हाईवे पड़ता है। जिस पर वाहन चालक को 20 रुपए का टोल देना पड़ता है, जबकि शेष 41 किलोमीटर की दूरी स्टेट हाईवे के माध्यम तय करनी होती है। उस पर तीन टोल लगे हुए हैं। जिसके लिए 120 रुपए चुकाने पड़ रहे हैं। सरकार स्टेट हाईवे पर भी वार्षिक टोल पास लागू करें।

जूली फ्लोरा का मुद्दा, अध्यक्ष बोले- जूली जी बैठे हैं…

पीपलदा विधायक चेतन पटेल ने अपने विधानसभा क्षेत्र में जूली फ्लोरा काटकर पौधरोपण करने का मामला उठाते हुए कहा कि जूली फ्लोरा काटने के लिए जो मशीनें लगी हैं, उससे सड़कें टूट रही हैं।

भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी ने लगातार कम होती चरागाह भूमि का मामला उठाते हुए कहा कि लगातार इस भूमि का क्षय हो रहा है, नोनेरा बांध की डूब क्षेत्र की भूमि पर यह कटाई हो रही है, लेकिन बिना सेटलमेंट के किसानों की खातेदारी भूमि पर खड़ी फसलें इस काम में रौंदी जा रही हैं। जूली फ्लोरा की आड़ में अवैध कटाई की जांच की जाए की जाएं। इस दौरान विधानसभा स्पीकर वासुदेव देवनानी ने चुटकी लेते हुए कहा कि जूली यहीं बैठे हैं… इस पर सदन में ठहाका लगा।

बैरवा हत्या मामले का जल्द खुलासा होगा

बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा ने बूंदी के जवाहर नगर में रात को घर के बाहर सो रहे कृष्ण गोपाल बैरवा की हत्या का मामला उठाया। गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने पहले नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की चुटकी लेते हुए कहा कि जब भी कोई मंत्री जवाब देने के लिए उठता है, तो बहुत टेढ़ी नजर से घूरते हैं। देवनानी ने कहा डरो मत, यह बहुत सज्जन आदमी हैं। अपने जवाब में बेढम ने कहा कि इस पूरे मामले की सीनियर अधिकारी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। इस घटना का पूरा खुलासा जल्दी किया जाएगा।

कर्मचारी चयन आयोग की गलती का खामियाजा भुगत रहे शिक्षक

ध्यानाकर्षण के माध्यम से बिंबाहेड़ा विधायक श्रीचंद कृपलानी ने अनुसूचित क्षेत्रों में दिव्यांग पदों के विरुद्ध लगाए सामान्य वर्ग के तृतीय श्रेणी शिक्षकों को हटाने जाने का मामला उठाते हुए कहा कि जब गलती कर्मचारी चयन आयोग की थी तो 27 महीने तक काम करने वाले इन शिक्षकों का क्या दोष है। इनको दिव्यांग कोटे में नौकरी क्यों दी गई है। विधायक ने कहा कि जिनकी नौकरियां लगी थीं तो शादियां हो गई। अब कई की शादियां टूटने का खतरा है। ऐसे लोगों को पुनः नियुक्तियां देने के लिए 75 शेडो पोस्ट जारी करें, जिन्होंने गलती की, उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाए। जवाब में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि यह आयोग की गलती थी, लेकिन दिव्यांगों के लिए करना जरूरी है। वर्तमान में 29 शिक्षकों को हटा दिया गया है, जबकि 42 कोर्ट के स्टे पर हैं।

जिला प्रशासन ने निरस्त नहीं किए आवंटन

कोलायत विधायक अंशुमान भाटी ने बज्जू में गत सरकार के किए गए 392 भूमि आवंटन का मामला उठाते हुए कहा कि इनमें नियमों की अनदेखी की गई थी। प्रकरण की जांच के लिए सरकार ने गत वर्ष आदेश जारी किए गए थे। समिति ने 11 सितंबर 2025 को अपनी रिपोर्ट में 392 में 285 नियम विरुद्ध पाए गए थे। इन आवंटनों को निरस्त योग्य माना गया, लेकिन लंबे समय के बाद भी जिला प्रशासन ने अपेक्षित कार्य नहीं किया गया। आज दिनांक तक एक भी भू आवंटन निरस्त नहीं किया गया। इन्हें निरस्त कर तत्कालीन दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

सिंथेटिक दूध से बन रहा है मिल्क केक

रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह ने अलवर के मेवात क्षेत्र में केमिकल दूध से सिंथेटिक मावा बनाने का मामला उठाते हुए कहा कि इस मावे से बनने वाला मिल्क केक सवा सौ रुपए किलो दिया जाता है, जबकि जनता को यह चार सौ रुपए तक बिक रहा है। इस तरह की गतिविधियां लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, इसलिए पूरे क्षेत्र में प्रभावशाली अभियान चलाया जाए। शाहपुरा विधायक लालाराम बैरवा ने क्षेत्र में सरकार द्वारा दी गई पत्थर की लीज से अतिरिक्त भूमि पर खनन कार्य किया जा रहा है। इससे सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है। भूमाफिया भूमि का दोहन कर रहे हैं। सरकार को चाहिए कि इन पर सख्त कार्रवाई कर पहाड़ियों का खनन रोका जाए।

पशु चिकित्साकर्मियों की नियुक्तियां करें

सुजानगढ़ विधायक मनोज कुमार ने पशुपालन विभाग में डॉक्टर व चिकित्साकर्मियों की कमी का मामला पर्ची के माध्यम से उठाते हुए कहा कि उनके क्षेत्र में कई पद खाली पड़े हैं। पशुधन सहायकों की कमी के चलते पशु चिकित्सालयों पर ताले लगे हैं। भादरा विधायक संजीव कुमार ने भादरा शहर में बरसाती पानी की निकासी नहीं होने से उत्पन्न समस्या का मामला उठाया।

पढ़ें ये खबरें