यात्री अब दूसरा चार्ट बनने तक बदल सकेंगे बोर्डिंग स्टेशन
बिलासपुर। रेलवे अब बोर्डिंग पॉइंट बदलने के नियमों में बड़ा बदलाव करने जा रहा है। रेलवे बोर्ड ने प्रस्ताव दिया है कि यात्रियों को अब ट्रेन का दूसरा रिजर्वेशन चार्ट तैयार होने तक अपना बोर्डिंग स्टेशन बदलने की अनुमति दी जाए। वर्तमान में लागू पुरानी व्यवस्था के अनुसार यह सुविधा केवल पहले रिजर्वेशन चार्ट की तैयारी तक ही सीमित थी। चूंकि अब पहला चार्ट ट्रेन छूटने से करीब 10-20 घंटे पहले ही बन जाता है, इसलिए यात्रियों की सहूलियत के लिए इस समय सीमा को बढ़ाने का विचार किया गया है। इस संबंध में रेलवे बोर्ड के निदेशक (पैसेंजर मार्केटिंग-2), संजय मनोचा ने 19 फरवरी 2026 को सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम्स को पत्र लिखकर इस प्रस्ताव की जांच करने जल्द से जल्द रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम्स के इस तकनीकी बदलाव को हरी झंडी दे देता है, तो उन यात्रियों को बहुत फायदा होगा जो अंतिम समय में किसी अन्य स्टेशन से ट्रेन पकड़ना चाहते हैं।

रेलवे स्कूल के पास से ओडिशा का गांजा तस्कर गिरफ्तार
बिलासपुर। तारबाहर पुलिस ने ओडिशा से गांजा लाकर बिलासपुर में बेचने की फिराक में घूम रहे तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास एक आई फोन व ट्रॉली बैग में 10 किलो 594 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस तस्कर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन के पास स्थित रेलवे अंग्रेजी स्कूल वाली गली में एक संदिग्ध युवक ट्रॉली बैग लेकर खड़ा है। वह बड़ी मात्रा में गांजा लेकर आया है और ग्राहक की तलाश कर रहा है। उच्चा अधिकारियों ने तत्काल थाना प्रभारी रविन्द्र अनंत के नेतृत्व में टीम गठित की। पुलिस सिविल ड्रेस में मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर युवक को पकड़ा। पूछताछ करने पर युवक ने अपना नाम हिमांशु यादव (20) निवासी वार्ड नंबर 24, रेलवे कॉलोनी झाड़सुगुड़ा ओडिशा बताया। पुलिस ने बैग की तलाशी ली तो उसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। उसने यह भी बताया कि वह ओडिशा से गांजा लाकर बिलासपुर के स्थानीय तस्करों और युवाओं को ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में था। एसएसपी रजनेश सिंह जिले में अवैध नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
7 लाख रुपये की ठगी, दूसरी जमानत अर्जी भी खारिज
बिलासपुर। हाईकोर्ट ने बैंक धोखाधड़ी के मामले में शामिल आरोपी मुकेश चौधरी की दूसरी जमानत याचिका से खारिज कर दी है। चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा की सिंगल बेंच ने मामले की गंभीरता कमी को देखते हुए जमानत देने से इनकार कर दिया। झारखंड निवासी आरोपी मुकेश चौधरी पर आरोप है कि उसने रायगढ़ के एक व्यापारी गौरीशंकर बेरीवाल के बचत खाते से जालसाजी कर कुल 17 लाख 16 हजार 552 रुपये निकाल लिए थे। इस संबंध में रायगढ़ के सिटी कोतवाली में बीएनएस की धारा 318(4), 3(5) और आईटी एक्ट की धारा 66(d) के तहत अपराध दर्ज किया गया था। इसमें तर्क दिया कि उसके खिलाफ कोई सबूत नहीं है और वह मई 2025 से जेल में बंद है। लेकिन हाई कोर्ट ने इन तर्कों को नहीं माना।
15वें वित्त की राशि में लाखों का घोटाला, पूर्व सरपंच-सचिव समेत 4 पर FIR
बिलासपुर। जिले की ग्राम पंचायत ढेका में 15वें वित्त आयोग एवं अन्य मदों की राशि में भारी वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। शिकायतों के संज्ञान में आने के बाद जिला पंचायत बिलासपुर द्वारा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बिल्हा की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच दल गठित किया गया था। जांच दल की प्रस्तुत रिपोर्ट में आवेदक तथा संबंधित सरपंच, सचिव एवं अन्य व्यक्तियों के बयानों में गंभीर विरोधाभास पाए जाने का उल्लेख किया गया है। जांच प्रतिवेदन के अनुसार प्रथम दृष्टया 24,70,530 रुपये की शासकीय राशि के दुरुपयोग की पुष्टि हुई है। इसे गंभीर वित्तीय अनियमितता की श्रेणी में रखा गया है। मामले में ग्राम पंचायत ढेका के पूर्व सरपंच दिनेश मौर्य, तत्कालीन सचिव सचिन कौशिक, तत्कालीन सचिव (घूमा/हरदीकला) भानू विश्वकर्मा तथा ग्राम पंचायत ढेका के कोटवार कमल कश्यप को जिम्मेदार पाया गया है। जिला पंचायत बिलासपुर के आदेश के परिपालन में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बिल्हा द्वारा 19 फरवरी 2026 को तोरवा थाना में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 3 (5), 344, 316 एवं 318 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
कृषि मंडी अधिकारी रेप मामले में गिरफ्तार
कोरबा। कोरबा जिले के कटघोरा में पदस्थ रहे कृषि मंडी अधिकारी पर एक महिला ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच उपरांत एफआईआर कर अधिकारी को रायगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है । पीड़ित महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि कृषि मंडी कटघोरा में राहुल साहू अधिकारी के पद पर कार्यरत था। इस दौरान राहुल ने उससे दोस्ती की, फिर शादी का प्रलोभन देकर उसके साथ करीब एक वर्ष तक शारीरिक संबंध बनाए।
महिला ने कहा कि वह लगातार शादी का आश्वासन देता रहा, इससे वह उसके झांसे में आ गई। इसी माह दोनों की शादी तय होने वाली थी। लेकिन अचानक राहुल साहू ने अपना फोन बंद कर संपर्क से बाहर हो गया। महिला ने कहा कि किसी तरह नंबर हासिल कर उससे उससे संपर्क किया, तो उसने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं राहुल ने उसे धमकाते हुए कहा कि जो करना है कर लो, इसलिए मामले की रिपोर्ट लिखानी पड़ रही है। कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने महिला की शिकायत पर यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज किया और एसआइ राजेन्द्र प्रताप सिंह की अगुवाई में टीम गठित कर राहुल साहू की पतासाजी कराया। तब राहुल के रायगढ़ जिला के घरघोड़ा में पदस्थ होने की जानकारी मिली।
पुलिस टीम ने घरघोड़ा जाकर राहुल साहू को गिरफ्तार कर कटघोरा लाया। बाद में कटघोरा न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
झूला झूलने के दौरान गले में रस्सी फंसने से मासूम का करुणान्त
रायगढ़। झुला झुलने के दौरान एक मासूम बच्ची के गले में रस्सी फंसने से लटक गईं, जिसे अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार कोतरारोड थाना क्षेत्र के ग्राम जामपाली निवासी रामलाल सारथी के घर में चार-पांच छोटे-छोटे बच्चे हैं, इससे उनको खेलाने के लिए रामलाल ने एक कमरे में रस्सी का झुला बनाया हुआ है, जिसमें बच्चे खेलते रहते हैं। ऐसे में बुधवार को सुबह उसने रस्सी को थोड़ी ऊपर करके बांध दिया था, ताकि बच्चे वहां तक पहुंच न सके, लेकिन इस बीच बुधवार शाम को उसकी 6 वर्षीय बेटी अकेले ही उक्त झुला के पास चली गई और उसे पकडने का प्रयास की तो रस्सी उसके गले में फंसने से गिर गई। कुछ देर बाद परिजनों ने जब देखा तो रस्सी से निकाल तत्काल जिला अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने परीक्षण उपरांत दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। कोतरारोड पुलिस ने मर्ग कायम कर पीएम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया है। से गिर गई, कुछ देर बाद जब उसके परिजनों ने देखा तो उसे रस्सी से निकालकर तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
दोहरीकरण कार्य के फलस्वरूप कुछ गाड़ियों का परिचालन प्रभावित
बिलासपुर। पश्चिम रेलवे के राजकोट मंडल के जामनगर-लाखाबावल सेक्शन के मध्य दोहरीकरण कार्य के फलस्वरूप दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से होकर चलने वाली निम्न गाड़ियों का परिचालन प्रभावित रहेगा –
24 फरवरी 2026 को शालीमार से रवाना होने वाली गाड़ी संख्या 22906 शालीमार-ओखा एक्सप्रेस हापा स्टेशन में समाप्त होगी।
27 मार्च से शुरू होगी बोर्ड की परीक्षाएं
जिले के सरकारी स्कूलों में वार्षिक परीक्षा 27 मार्च से शुरू होगी और 10 अप्रैल तक समाप्त होगी। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने वार्षिक परीक्षा की समय-सारणी जारी कर दी है। जिल में संचालित शासकीय विद्यालय एवं स्वामी आत्मानंद विद्यालय हिन्दी एवं अंग्रेजी माध्यम में अध्ययनरत पहली से 7वीं, 9वीं एवं 11वीं के विद्यार्थियों की वार्षिक परीक्षा की समय सारणी जारी कर दी गई है। कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार पहली से चौथी कक्षा की वार्षिक परीक्षा 27 मार्च से छठवीं, सातवीं, नवमी एवं ग्यारहवीं कक्षा की परीक्षा 25 मार्च से प्रारंभ होगी। नवमी एवं ग्यारहवीं की परीक्षाएं 10 अप्रैल तक वहीं शेष कक्षाओं की परीक्षा 9 अप्रैल को समाप्त हो जाएगी। कक्षाओं के अनुरूप वार्षिक परीक्षा का समय भिन्न-भिन्न निर्धारित किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने निर्देशित किया है कि सभी विषयों की प्रयोजना कार्य 5 मार्च तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लें। परीक्षा उपरांत विषयवार उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करें एवं मध्याह्न भोजन का सुचारू रूप से संचालन हो।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


