पवन राय, मंडला। मंडला जिले के विकासखंड मवई अंतर्गत ग्राम घुटास की 14 वर्षीय ऋतिका यादव जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है। फेफड़ों की गंभीर बीमारी सिस्टिक फाइब्रोसिस से पीड़ित ऋतिका कटरा हॉस्पिटल में ऑक्सीजन सपोर्ट पर भर्ती थी। उसकी हर सांस मशीनों के सहारे चल रही थी और परिवार की उम्मीदें समाज व प्रशासन की मदद पर टिकी थीं।

ऋतिका की गंभीर स्थिति को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक नारायण सिंह पट्टा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल अधिकारियों को निर्देश दिए। इसके बाद पूरा प्रशासनिक अमला सक्रिय हुआ और आज ऋतिका को जबलपुर से एयर एंबुलेंस के माध्यम से चंडीगढ़ के लिए रवाना किया गया,जहां उसका उपचार जारी रहेगा। डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे चंडीगढ़ स्थित पी जे आई रेफर किया है।

संघर्ष की लंबी कहानी

पिता के साए के बिना पली इस बेटी की मां तारेश यादव पिछले छह वर्षों से लगातार इलाज के लिए संघर्ष कर रही हैं। दिसंबर 2025 में ऋतिका का इलाज एम्स नागपुर में चल रहा था। हालत बिगड़ने पर उसे मेडिकल कॉलेज नागपुर में भर्ती कराया गया, लेकिन सुधार नहीं हुआ। 26 जनवरी को गंभीर स्थिति में उसे ऑक्सीजन सपोर्ट पर कटरा हॉस्पिटल में भर्ती करना पड़ा। चंडीगढ़ तक ऑक्सीजन सपोर्ट के साथ एयर एंबुलेंस की व्यवस्था अत्यंत महंगी थी। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले ही कमजोर हो चुकी थी। आयुष्मान योजना का पूरा लाभ दूसरे राज्य में नहीं मिल पाने से परेशानियां और बढ़ गईं।ऐसे में विधायक की पहल और मुख्यमंत्री के निर्देश से प्रशासनिक सहयोग मिला और आखिरकार मंडला की बेटी को नई उम्मीद के साथ चंडीगढ़ भेजा गया।

एक मां अपनी बेटी की हर सांस बचाने के लिए गुहार लगा रही थी। इस कठिन घड़ी में जनप्रतिनिधियों और प्रशासन ने पहल की और 14 वर्षीय इस मासूम बच्ची के इलाज का रास्ता प्रशस्त हुआ। अब सबकी दुआ है कि ऋतिका जल्द स्वस्थ होकर अपने घर लौटे। स्थानीय विधायक नारायण पट्टा ने विधानसभा सत्र से समय निकाल कर मुख्यमंत्री से ऋतिका यादव की बीमारी को लेकर चर्चा कर एअर एम्बुलेंस की बनी व्यवस्था और सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी बात कही बच्ची की स्थिति गंभीर थी। हमने मुख्यमंत्री जी से चर्चा की, उन्होंने तुरंत संज्ञान लेकर एयर एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित कराई। हमारी प्राथमिकता बच्ची का जीवन बचाना है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m