पटना। जिले के दीघा थाना क्षेत्र में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। रूटीन वाहन चेकिंग के दौरान ‘दीघा टीओपी’ के पास पुलिस ने एक सफेद रंग की संदिग्ध कार को रोका। शुरुआती तलाशी में पुलिस को मात्र 2 लाख रुपये मिले थे, लेकिन जब कार को थाने लाकर गहनता से खंगाला गया, तो अधिकारियों के होश उड़ गए। कार के भीतर से कुल 18,05,000 रुपये नकद बरामद किए गए।

​संदिग्धों के विरोधाभासी बयान

​कार में दो युवक सवार थे, जिनकी पहचान सीतामढ़ी निवासी मोहम्मद सद्दाम और पंकज के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों युवकों ने पुलिस को जमकर छकाया। उन्होंने पहले दावा किया कि वे झारखंड से पैसे लेकर आ रहे हैं। थोड़ी देर बाद बयान बदलते हुए कहा कि यह पटना में रहने वाले उनके किसी ‘भैया’ के पैसे हैं। हद तो तब हो गई जब उन्होंने तीसरी बार में इसे घर की ‘शादी’ का खर्च बता दिया।

​जांच के घेरे में हवाला नेटवर्क

​एएसपी (लॉ एंड ऑर्डर-2) दिव्यांजलि ने बताया कि अपराधियों पर लगाम कसने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा था। पकड़े गए युवकों के बार-बार बयान बदलने से पुलिस को प्रबल संदेह है कि यह पैसा हवाला कारोबार से जुड़ा हो सकता है। फिलहाल, पुलिस ने कैश और गाड़ी दोनों को जब्त कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आयकर विभाग को सूचित कर दिया गया है। टीम अब पैसों के असली स्रोत और नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।