रायगढ़। इंटर स्टेट ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गिरोह पर रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कोलकाता के एक होटल में छापेमारी कर 5 नामी सटोरियों और उनके 2 साथियों को गिरफ्तार कर करोड़ों रुपये के सट्टा नेटवर्क का खुलासा किया। इस कार्रवाई के दौरान 25 मोबाइल, 3 लैपटॉप, 1 टैबलेट और 3,600 रुपये नगद समेत करीब 6.30 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई। इस पूरे मामले का खुलासा एसएसपी शशि मोहन सिंह ने किया है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि जिले में जुआ-सट्टा पूरी तरह बंद किया जाएगा और हर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

जानकारी के अनुसार, पिछले साल 23 अप्रैल 2025 को कोतवाली और साइबर सेल की टीम ने गांजा चौक पर रेड कर अमित अग्रवाल को क्रिकेट सट्टा नोट करते हुए पकड़ा था। आरोपी के कब्जे से एक नग आसमानी रंग का वीवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल टच स्क्रीन तथा 500 के 240 नोट, कुल 1,20,000 नगद जब्त किए गए। इस मामले में अपराध क्रमांक 173/2025 के तहत धारा 7 जुआ एक्ट में कार्रवाई की गई थी। मामले में जांच के दौरान सटोरिए धर्मेंद्र शर्मा, शेख मोहम्मद, मोहम्मद शाहबाज, मोहम्मद मजहर और मोहम्मद फारूक की संलिप्तता भी पाई गई थी। ये सभी आरोपी फरार थे। कोतवाली पुलिस ने इन फरार आरोपियों के विरुद्ध फरारी चालान पेश किया, जिसके बाद न्यायालय द्वारा इनके खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया गया था।

इसी तरह 22 अप्रैल 2025 को थाना चक्रधरनगर और साइबर सेल की टीम ने डिग्री कॉलेज सब्जी मंडी के पास ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाते हुए अंकित बानी और भरत कुमार रोहिला को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर छत्तीसगढ़ और कोलकाता से मोबाइल लिंक के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालन करने की जानकारी दी थी। इस प्रकरण में थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 169/2025 धारा 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई थी।

वहीं एसएसपी शशि मोहन सिंह को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली कि फरार आरोपी कोलकाता से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क का संचालन कर रहे हैं। इसके बाद साइबर थाना, कोतवाली और चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त टीम को कोलकाता रवाना किया गया। पुलिस टीम ने हावड़ा स्थित एक होटल में छापा मारकर स्थायी वारंटी धर्मेंद्र शर्मा, शेख मोहम्मद, मोहम्मद शाहबाज, मोहम्मद मजहर, मोहम्मद फारूक, रोहित बुटानी समेत दो अन्य व्यक्तियों अंकित सराफ और अजीत विश्वास को गिरफ्तार किया।

आरोपियों के कमरे से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालन से जुड़ी सामग्री बरामद हुई। पूछताछ में उन्होंने मोबाइल के माध्यम से संपर्क कर जेएमडी क्रिकेट बेटिंग एप के जरिए सट्टा खिलाने की बात स्वीकार की। जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और हिसाब-किताब की जांच में पिछले एक माह में करोड़ों रुपये के सट्टे का लेन-देन सामने आया है।

गिरफ्तार सभी स्थायी वारंटियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। वहीं अंकित सराफ और अजीत विश्वास की भूमिका की जांच जारी है। संलिप्तता पाए जाने पर इनके खिलाफ भी अलग से कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में भी जुटी हुई है।

एसएसपी का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जुआ-सट्टा से जुड़े आरोपी कहीं भी जाकर छुपे हो उन्हें पकड़ा जाएगा, जुआ सट्टा पूर्णत: बंद कराने हर एक सटोरियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी’’

गिरफ्तार सटोरिए / स्थायी वारंटी

  1. धर्मेंद्र शर्मा पिता स्व. देवी प्रसाद शर्मा, उम्र 53 वर्ष, निवासी रेलवे बंगलापारा, रायगढ़ चौक, थाना कोतवाली रायगढ़ (छ.ग.)
  2. शेख मोहम्मद शाहबाज पिता शेख मोहम्मद शमशेर, उम्र 33 वर्ष, निवासी तुर्कापारा चांदनी चौक, थाना कोतवाली रायगढ़ (छ.ग.)
  3. मोहम्मद मजहर पिता मोहम्मद जहूर, उम्र 35 वर्ष, निवासी चांदनी चौक तुर्कापारा, थाना कोतवाली रायगढ़ (छ.ग.)
  4. मोहम्मद फारूक पिता मोहम्मद आशिक, उम्र 39 वर्ष, निवासी तुर्कापारा चांदनी चौक, जिला रायगढ़ (छ.ग.)
  5. रोहित बुटानी पिता मुकेश बुटानी, उम्र 31 वर्ष, निवासी कच्ची खोली सिंधी कॉलोनी, थाना चक्रधरनगर रायगढ़ (छ.ग.)

आरोपियों के साथ पकड़े गए व्यक्ति

  1. अंकित सराफ पिता विनोद सराफ, उम्र 34 वर्ष, निवासी पैलेस रोड कोष्टापारा, थाना कोतवाली जिला रायगढ़ (छ.ग.)
  2. अजीत विश्वास पिता रंजन विश्वास, उम्र 35 वर्ष, निवासी गोगा मंदिर चौक, थाना जूटमिल जिला रायगढ़ (छ.ग.)

आरोपियों का पूर्व रिकॉर्ड

धर्मेंद्र शर्मा –

थाना कोतवाली अपराध क्रमांक 173/2025 (एक नग आसमानी रंग का वीवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल टच स्क्रीन एवं 500 रुपये के 240 नोट, कुल ₹1,20,000) तथा
थाना चक्रधरनगर अपराध क्रमांक 169/2025 (रियलमी नारजो N55 मोबाइल एवं ₹55,000 नगद)।

शेख मोहम्मद शाहबाज – थाना कोतवाली अपराध क्रमांक 173/2025।

मोहम्मद मजहर – थाना कोतवाली अपराध क्रमांक 173/2025 एवं थाना चक्रधरनगर अपराध क्रमांक 169/2025।

मोहम्मद फारूक – थाना कोतवाली अपराध क्रमांक 173/2025 एवं थाना चक्रधरनगर अपराध क्रमांक 169/2025।

रोहित बुटानी उर्फ मोनू – थाना चक्रधरनगर अपराध क्रमांक 169/2025।