बांका। जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र स्थित सतघरा गांव से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां महज 5 महीने पहले शादी के बंधन में बंधी एक महिला ने मामूली विवाद में अपनी जान दे दी। महाशिवरात्रि के मेले में पति द्वारा नहीं ले जाने से नाराज होकर 20 वर्षीय आशा कुमारी ने कीटनाशक खा लिया, जिसके बाद इलाज के दौरान भागलपुर में उसकी मौत हो गई।
क्या है पूरा मामला?
मृतका आशा कुमारी की शादी 5 महीने पहले संतोष कुमार से हुई थी। गांव में इन दिनों महाशिवरात्रि का मेला लगा हुआ है। गुरुवार को आशा ने अपने पति से मेला घूमने की जिद की थी, लेकिन किसी कारणवश पति उसे नहीं ले जा सका। इसी बात से आहत होकर आशा ने घर में रखा कीटनाशक पी लिया।
सबको खाना खिलाकर उठाया खौफनाक कदम
आशा के पति संतोष ने बताया कि घर में सब कुछ सामान्य लग रहा था। उसने दोपहर का खाना बनाया और परिवार के सभी सदस्यों को प्रेम से खिलाया। उस वक्त संतोष और उसके पिता बाजार गए हुए थे। जब वे वापस लौटे, तो आशा की हालत बिगड़ी हुई थी। आनन-फानन में उसे अमरपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल (JLNMCH) रेफर किया गया। शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस की जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही बरारी थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला घरेलू विवाद और गुस्से में उठाया गया कदम लग रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


