वीरेंद्र गहवई, बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में सराफा व्यापारी से लूटपाट का मामला सामने आया है, जहां बाइक से मुंह बांदकर आए तीन बदमाशों ने दुकान बंद करते समय खम्हरिया स्थित रमेश ज्वेलर्स के संचालक से लूट की वारदात को अंजाम दिया। पूरा मामला सीपत थाना क्षेत्र का है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अलर्ट हुई और नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, व्यापारी रोज की तरह रात में दुकान का शटर गिरा रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन आरोपी वहां पहुंचे और कुछ ही सेकंड में व्यापारी से तीन झोले छीनकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि झोलों में सोना और चांदी के गहने थे। बदमाश करीब 60 ग्राम सोना और 8 किलो से अधिक चांदी लेकर फरार हो गए। लूटे गए माल की कीमत लगभग 25 लाख रुपए बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। वहीं व्यापारियों में दहशत का माहौल है।

नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। बताया जा रहा कि आरोपी बाइक से अकलतरा बलौदा मार्ग की ओर भागे हैं। मामले में सीपत थाने में अपराध पंजीकृत किया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने आसपास के जिलों की पुलिस से संपर्क कर नाकेबंदी लगाई है।

लगातार घटनाओं से व्यापारियों में आक्रोश, सुरक्षा बढ़ाने की मांग

गौरतलब है कि बीते मंगलवार को भी सरकण्डा इलाके में इसी तरह की बड़ी लूट की वारदात सामने आई थी। लगातार हो रही घटनाओं से सराफा व्यापारी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच जारी है।