Surguja News Update: अंबिकापुर। मैनपाट घूमने के लिए शहर से स्कार्पियो वाहन की बुकिंग करा मैनपाट घूमने के बाद वापस आने के दौरान दरिमा के समीप वाहन मालिक व चालक केदारपुर भट्ठीरोड निवासी अंकित सिन्हा के साथ मारपीट कर वाहन लूट ले जाने के मामले में एक आरोपी मध्यप्रदेश के अनुपपुर, बसंतपुर दफाई अमलाई निवासी गोविंद पटेल 21 वर्ष को पुलिस ने गिरफ्ता करने सफलता हासिल की है। वारदात में शामिल अन्य तीन आरोपियों की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। ज्ञात हो कि वाहन लूट की वारदात के बाद पुलिस ने तत्काल आरोपियों का पीछा किया था और बांगो थाना क्षेत्र में वाहन को लावारिस हालत में जब्त किया था। इस घटना के बाद दरिमा थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम डीआईजी व एसएसपी राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में आरोपियों की तलाश में सक्रियता से जुट गई।

साइबर सेल से तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस एक आरोपी गोविंद पटेल तक पहुंची और उसे हिरासत में ले उसकी शिनाख्ती कराई गई, जिसमें वह वारदात में शामिल होना पाया गया। आरोपी गोविंद पटेल को पुलिस ने रिमांड पर भेज दिया है। कार्रवाई में दरिमा थाना प्रभारी राजेश खलखो साइबर सेल प्रभारी एएसआई अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, विकास सिन्हा, जयदीप सिंह, सुजीत पाल, आरक्षक जितेश साहू सक्रिय रहे।
65 लाख के मादक पदार्थों को पुलिस ने किया नष्ट
सूरजपुर। मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सूरजपुर पुलिस ने 65 लाख के नशीले पदार्थों को पुलिस लाईन परिसर में अस्थायी भट्ठे में नष्ट किया है। जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति की देखरेख में यह कारर्वाई की गई। इस दौरान एनडीपीएस एक्ट के 20 प्रकरणों में जब्त 101.74 किलोग्राम गांजा, 753 नग गांजा का पौधा, 103 नग टेबलेट, 778 नग इंजेक्शन, 98 नग कफ सिरप एवं 5920 नग कैप्सूल को नष्ट किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 65 लाख रूपये है। एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने बताया कि यह कारर्वाई केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय की
अधिसूचना और छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशों के अनुसार की गई है। नष्टीकरण की प्रक्रिया डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी, जिला आबकारी अधिकारी अनिल मित्तल, क्षेत्रीय अधिकारी पर्यावरण संरक्षण मण्डल के पंचान व वन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। जिले की पुलिस युवाओं व नागरिकों को नशे से बचाने के लिए भविष्य में भी निरंतर मादक पदार्थों की तस्करी पर सख्त कायर्वाही करने के लिए दृढ़ संकलित है। इस दौरान रक्षित निरीक्षक अशोक गिरी, निरीक्षक जावेद मियादांद, प्रधान आरक्षक आशाराम लकड़ा, आरक्षक सोहेल राजा व उदय सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।
करंट की चपेट में आकर युवक की मौत
ग्राम बेलदगी में खेत के पास से गुजरे 11 केवी तार से चिपक कर 34 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भिजवाया है। मामला लखनपुर थाना क्षेत्र का है। 20 फरवरी की शाम ग्राम बेलदगी निवासी 26 वर्षीय करता देवपाल दास पिता दलबो दास ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 34 वर्षीय देवमुन दास पिता दलवीर दास 19 फरवरी को सुबह दस बजे से नदी की तरफ जाने की बात बोलकर निकला था। शाम तक नहीं लौटा। जब परिजनों ने तलाश की तो वह खेत के पास बेहोश मिला। उसका शरीर झुलसा हुआ था। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच शव पंचनामा के बाद पीएम के लिए भिजवाया है।बताया जा रहा है कि युवक की मानसिक स्थिति सही नहीं थी।
मां महामाया सहकारी शक्कर कारखाना में गन्ना खरीदी आज तक
अंबिकापुर। मां महामाया शक्कर कारखाना ने गन्ना उत्पादक किसानों को गन्ना विक्रय का अंतिम समय दिया है। 21 फरवरी के बाद कारखाना में गन्ना खरीदी बंद कर दी जाएगी। मां महामाया सहकारी शक्कर कारखाना के प्रबंध संचालक से प्राप्त जानकारी अनुसार मां महामाया सहकारी शक्कर कारखाना मर्यादित द्वारा सूरजपुर जिले के प्रतापपुर तहसील के ग्राम केरता में सत्र 2025-26 गन्ना पेराई 24 नवंबर 2025 से प्रारंभ होकर 15 फरवरी तक कुल 1,15,533.505 मि.टन 7,164 कृषकों से गन्ना क्रय किया जा चुका है। गन्ने की आवक कम हो गई है, जिससे कारखाना संचालन लगातार नहीं हो पा रहा है। उन्होंने आरक्षित क्षेत्र के किसानों को सूचित किया है कि विक्रय योग्य गन्ना 21 फरवरी को रात्रि 12 बजे तक कारखाना को आपूर्ति कर दें। इसके बाद सत्र 2025-26 की गन्ना खरीदी कार्य पूर्ण रूप से बंद कर दी जाएगी।
मुख्यमंत्री साय के निर्देश पर 7.30 किमी सड़कों के उन्नयन व मजबूतीकरण के लिए 36.85 करोड़ स्वीकृत
जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर जिले में अधोसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण स्वीकृति प्रदान की गई है। इसी क्रम में वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट में शामिल विकासखंड पत्थलगांव अंतर्गत इंदिरा चौक से जशपुर रोड लंबाई 2.00 किमी, इंदिरा चौक से अम्बिकापुर रोड लंबाई 1.50 किमी. और इंदिरा चौक से रायगढ़ रोड लंबाई 3.80 किमी. तक कुल 7.30 किमी. सड़क के उन्नयन एवं मजबूतीकरण कार्य के लिए प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस महत्वपूर्ण निर्माण कार्य हेतु 36 करोड़ 85 लाख 20 हजार रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। मुख्यमंत्री के दो वर्ष के कार्यकाल दौरान जिले में कुल 914 करोड़ 94 लाख रुपए की लागत के 603 सड़कों की स्वीकृति प्राप्त हुई है। जिले में लगातार सड़कों, पुल एवं पुलियाओं की मिल रही स्वीकृति और तेजी से हो रहे निर्माण से न केवल जिले की तस्वीर बदली है, बल्कि इसका सकारात्मक प्रभाव स्थानीय अर्थव्यवस्था, रोजगार, कृषि, शिक्षा एवं सामाजिक संपर्क पर भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


