Bilaspur News Update : बिलासपुर। भेल खाने गए कांग्रेस नेता के बेटे व उसके दोस्तों पर चार युवकों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना में एक को गंभीर चोट आई। उसे तत्काल शहर के निजी अस्पताल में कराया गया। मामले में पुलिस हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के लखीराम ऑडिटोरियम के पास हुई। शुक्रवार शाम कांग्रेस नेता त्रिलोक श्रीवास का बेटा आदित्य श्रीवास अपने दो दोस्तों के साथ भेल खाने लखीराम ऑडिटोरियम के पास गया था। वहां पहले से युग मिश्रा, वेदांत गुप्ता, निखिल नागवानी एक अन्य साथी के साथ भेल खा रहे थे। युग व वेदांत मौके पर आदित्य व उसके दोस्तों को देख गाली-गलौज करने लगे। विवाद बढ़ने पर एक युवक ने चाकू निकाल कर हमला शुरू कर दिया। इससे आदित्य श्रीवास व उसके दोनों दोस्तों को चोट आई। आदित्य का शर्ट पूरी तरह खून से लाल हो गया। उसके तत्काल युवकों ने किम्स अस्पताल में भर्ती कराया और उसके घर वालों को घटना की सूचना दी।

दोनों के बीच पहले भी हुआ था विवाद
इससे पहले भी आदित्य और उसके दोस्तों को युग व वेदांत गुट से विवाद हुआ था। दोनों पहले कोनी में फिर कुछ दिनों बाद राजेंद्र चौक में भिड़े थे। दोनों बार मामला गाली-गलौज और मारपीट तक ही रहा। लेकिन, तीसरी बार उनका विवाद खूनी संघर्ष तक पहुंच गया।
खेल रही मासूम पर गिरी खौलती दाल, उपचार के दौरान गई जान
कोरबा। खेलते वक्त मासूम के ऊपर सिगड़ी में चढ़ी खौलती दाल गिर गई। गंभीर रुप से झुलसी मासूम को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। घटना सिटी कोतवाली अंतर्गत सीतामढ़ी क्षेत्र की है। यहां शिवमंदिर गली में शंकर सारथी अपनी पत्नी आरती सारथी तथा दो बच्चों के साथ निवासरत है। शंकर सुबह अपने घर के अंदर था। बाहर आंगन में उसकी पत्नी आरती सिगड़ी में दाल बना रही थी। जबकि उसकी दो वर्षीय पुत्री आराधना समीप ही खेल रही थी। किसी कार्यवश आरती घर के अंदर चली गई। इसी बीच खेलते- खेलते आराधना सिगड़ी के पास पहुंच गई और उसमें चढ़ी दाल के बर्तन से टकरा गई। इससे बर्तन में खौल रही दाल उसके ऊपर गिर गई। घटना में मासूम बुरी तरह झुलस गई, उसकी रोने की तेज आवाज सुनकर शंकर और उसकी पत्नी भागते हुए आंगन में पहुंचे, तब उसे झुलसे देखे। आनन फानन में उन्होंने आराधना को उपचार के लिए निहारिका क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला मेडिकल कालेज अस्पताल में डाक्टरों ने उपचार कर मासूम को बचाने का भरसक प्रयास किया, बावजूद मासूम की जान नही बचाई जा सकी और आराधना ने दम तोड़ दिया। अस्पताल पुलिस ने कार्रवाई के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया।
रिश्तेदार के घर शादी में शामिल हाेने आए ग्रामीण की मिली लाश
बिलासपुर। रिश्तेदार के घर शादी में शामिल होने आए ग्रामीण की लाश नाले में मिली है। इसकी सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम कराया है। इसकी रिपोर्ट से ग्रामीण की मौत का कारण स्पष्ट होगा। बलौदाबाजार जिले के ग्राम हंसवा में रहने वाले प्यारेलाल यादव(50) किसान थे। वे तीन दिन पहले वे शादी में शामिल होने के लिए गोडाडीह में रहने वाले गंगादीन यादव के घर पर आए थे। गुरुवार की रात वे घर से निकले थे। इसके बाद वे शादी वाले घर में नहीं लौटे। इधर मेहमानों की भीड़ के कारण परिवार के लोगों ने भी इस पर ध्यान नहीं दिया। शुक्रवार की सुबह गांव के लोगों ने घर से कुछ दूरी पर नाले में एक व्यक्ति की लाश देखकर आसपास के लोगों को बताया। इसी बीच गंगादीन के परिवार के लोग भी वहां पहुंचे। उन्होंने प्यारेलाल की पहचान की। साथ ही घटना की सूचना पुलिस को दी गई। इस पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है। पीएम रिपोर्ट से ग्रामीण की मौत का कारण स्पष्ट होगा।
राज्यपाल का रायगढ़ दौरा
रायगढ़। प्रदेश के राज्यपाल रामेन डेका 20 एवं 21 फरवरी को रायगढ़ जिले के प्रवास पर रहेंगे। जारी दौरा कार्यक्रम के अनुसार वे 20 फरवरी को शाम 6.30 बजे महासमुंद से प्रस्थान कर रात्रि 8.30 बजे रायगढ़ सर्किट हाउस पहुंचेंगे। यहां उनका रात्रि विश्राम निर्धारित है। 21 फरवरी शनिवार को प्रातः 9.30 बजे राज्यपाल डेका सर्किट हाउस, रायगढ़ से आर्ष गुरुकुल आश्रम, तुरंगा (पुसौर) के लिए प्रस्थान करेंगे। प्रातः 10 बजे वे “स्वामी श्रद्धानंद बलिदान महोत्सव एवं राष्ट्र रक्षा महायज्ञ” कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम के उपरांत राज्यपाल बिलासपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
दिवंगत आरक्षक के स्वजन को मिली एक करोड़ रुपये की सहायता राशि
मुंगेली। मुंगेली के थाना पथरिया में पदस्थ आरक्षक राकेश डहरिया का 24 जून को ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। दिवंगत आरक्षक डहरिया के स्वजन को एक करोड़ की आर्थिक सहायता प्रदान किया गया है। एसपी भोजराम पटेल द्वारा सड़क हादसे मे आरक्षक राकेश डहरिया की निधन के बाद उनकी पत्नी नागेश्वरी डहरिया को सांत्वना देते हुए पुलिस सैलरी पैकेज केतहत भारतीय स्टेट बैंक शाखा से एक करोड़ का चेक देकर आर्थिक रूप से सहायता प्रदाय किया गया। उन्होंने बताया पुलिस सैलरी पैकेज का योजना का मुख्य उद्देश्य ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारी, कर्मचारी की आकस्मिक मृत्यु होने पर आश्रित परिवार को आर्थिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता मिल सके ताकि भविष्य सुरक्षित हो सके। बैंक के शाखा प्रबंधक राहुल रंजन सिंह ने बताया कि केंद्र, राज्य शासन द्वारा बैंकों के माध्यम से पुलिस सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत बलिदानी जवान अथवा आकस्मिक निधन की स्थिति में उनके आश्रित परिजनों को निर्धारित आर्थिक सहायता राशि प्रदान की जाती है। इसके अतिरिक्त अन्य देय शासकीय लाभ, अनुग्रह राशि, जीपीएफ, ग्रेच्युटी एवं अनुकम्पा नियुक्ति की कार्यवाही प्रक्रियाधीन में है। एसपी ने कहा कि दिवंगत आरक्षक एक कर्तव्यनिष्ठ, कर्मचारी थे। उनका आकस्मिक निधन पुलिस विभाग के लिए अपूरणीय क्षति है।जिला पुलिस परिवार दिवगंत आरक्षक के परिवार के साथ खड़ा है, आश्रित परिवार को शीघ्र ही अनुकम्पा नियुक्ति व अन्य योजना एवं शासकीय लाभ का हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। सैलरी पैकैज दिलाने मे निरीक्षक (एम) मदनलाल शुक्ला, उप निरी. अमन कश्यप, प्रआर वेदसिंह सोन्ड्रे अहम भूमिका रही।
प्रेस क्लब का शपथ ग्रहण
बिलासपुर प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह में डिप्टी सीएम अरुण साव ने शपथ ग्रहण संपन्न करवाया। नवनिर्वाचित कार्यकारिणी में अजीत मिश्रा अध्यक्ष, विजय क्रांति तिवारी उपाध्यक्ष,संदीप परिहार सचिव, हरिशंकर गंगवानी सह सचिव, कैलाश यादव कार्यकारणी सदस्य के रूप में चुने गए हैं। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नई टीम को बधाई देते हुए कहा कि कड़ी मेहनत और एकजुटता के साथ टीम कर बिलासपुर का नाम ऊंचा करेगी। साव ने कहा बिलासपुर प्रेस क्लब से वरिष्ठ पत्रकार निकले हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर बिलासपुर की पहचान बनाई है। उन्होंने नए पत्रकारों के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र का आयोजन कर राष्ट्रीय स्तर के पत्रकारों को आमंत्रित करने का सुझाव दिया। साव ने बताया कि बिरकोना स्थित पत्रकार कॉलोनी में सड़क निर्माण के लिए 8 करोड रुपए की स्वीकृति दी गई है। उन्होंने बिलासपुर प्रेस क्लब को मजबूत बनाने में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
विधायक धरमलाल कौशिक ने प्रेस को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए कहा कि मीडिया न केवल राजनीतिक गतिविधियों पर नजर रखती है, बल्कि बिलासपुर के हितों के लिए संघर्ष में भी अग्रणी भूमिका निभाती है। विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि प्रेस क्लब केवल समाचार प्रकाशन तक सीमित नहीं है, बल्कि क्षेत्रीय हितों की रक्षा में भी सक्रिय भूमिका निभाती है। बिलासपुर में रेलवे जोन और केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना में प्रेस क्लब की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। विधायक सुशांत शुक्ला ने प्रेस क्लब की निष्पक्ष पत्रकारिता की सराहना करते हुए कहा कि बिलासपुर को उसका वाजिब हक दिलाने में मीडिया ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। शपथ ग्रहण समारोह में धरमलाल कौशिक, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, महापौर पूजा विधानी,नगर निगम सभापति विनोद सोनी तथा नेता प्रतिपक्ष भरत कश्यप उपस्थित रहें।
बद्रीनाथ से 3000 किमी की पदयात्रा कर पहुंचे निर्मलबाबा
जांजगीर। अटूट आस्था, दृढ़ संकल्प और त्याग की प्रेरक मिसाल पेश करते हुए स्वामी निर्मल बाबा महाराज हिमालय की पावन वादियों में स्थित श्री धाम बद्रीनाथ से मां सरस्वती का पवित्र जल लेकर लगभग 3000 किलोमीटर की ऐतिहासिक पदयात्रा पर निकले हैं। इसी तपस्वी यात्रा के दौरान वे जिले के पवित्र तीर्थ नगरी शिवरीनारायण पहुंचे, जहां श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा, आरती और जयघोष के साथ उनका भावभीना स्वागत किया। स्वामीजी की यह यात्रा केवल दूरी नापने का प्रयास नहीं, बल्कि आध्यात्मिक चेतना जगाने का एक महाअभियान है। वे उत्तराखंड से निकलकर कई राज्यों की सीमाएं पार करते हुए दक्षिण भारत के परम पावन तीर्थ रामेश्वरम धाम तक पैदल पहुंचने का संकल्प लेकर अग्रसर हैं। उनका उद्देश्य भगवान शिव के चरणों में मां सरस्वती का पवित्र जल अर्पित कर राष्ट्र की सुख-समृद्धि और
विश्व कल्याण की प्रार्थना करना है। बताया जाता है कि निर्मल महाराज वर्तमान में सिद्धिविनायक मंदिर के अनन्य उपासक रहे हैं। सांसारिक वैभव, सुख-सुविधाओं और अपार संपत्ति का त्याग कर उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन ईश्वर भक्ति, सेवा और समाजहित के कार्यों को समर्पित कर दिया। सूत्रों के अनुसार उन्होंने अपनी बड़ी संपत्ति भी जनकल्याण के लिए दान कर दी है, जो उनके त्याग और समर्पण का प्रमाण है। उनके अनुयायियों का कहना है कि यह यात्रा तप, साधना और आत्मबल का जीवंत उदाहरण है। स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने कहा कि स्वामी जी की यह पदयात्रा समाज में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार कर रही है। युवाओं और ग्रामीणों के लिए यह यात्रा प्रेरणा का स्रोत बन गई है, जो त्याग, सेवा और संकल्प की शक्ति को दर्शाती है। रामेश्वरम धाम पहुंचने पर विशेष पूजा-अर्चना, जलाभिषेक और भंडारा कार्यक्रम के साथ इस ऐतिहासिक यात्रा का समापन होगा।
सीमांकन में देरी: हाईकोर्ट ने कहा- 45 दिनों में करें निराकरण
बिलासपुर। जमीन सीमांकन के लिए आवेदन देने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर हाई कोर्ट में याचिका लगाई गई थी। जस्टिस नरेश कुमार चंद्रवंशी की सिंगल बेंच ने बोदरी के नायब तहसीलदार को याचिकाकर्ता के लंबित आवेदन पर 45 दिनों के भीतर उचित आदेश पारित करने के निर्देश दिए हैं।
बिल्हा तहसील के ग्राम नगपुरा निवासी फातिमा बेगम ने खसरा नंबर 380/3 की अपनी 0.150 हेक्टेयर जमीन के सीमांकन के लिए 7 अप्रैल 2025 को आवेदन दिया था। याचिकाकर्ता के अनुसार पड़ोसी जमीन मालिक सुदीप कौशिक के साथ चल रहे विवाद के कारण उन्होंने छत्तीसगढ़ भू-राजस्व संहिता की धारा 129 के तहत सीमांकन की मांग की थी। याचिका में बताया कि आवेदन किए हुए 10 महीने से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन राजस्व अधिकारियों ने अब तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं की। कहा कि प्रशासनिक उदासीनता के कारण उन्हें परेशानी हो रही है। इस पर हाई कोर्ट ने आवेदन को इतनी लंबी अवधि तक आवेदन को लंबित रखना स्वीकार्य नहीं है। हाई कोर्ट ने आदेश की कॉपी मिलने के 45 दिनों के भीतर सीमांकन की प्रक्रिया पूरी कर फैसला सुनाने के निर्देश दिए हैं।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


