पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने सोशल मीडिया हैंडल ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) के माध्यम से राज्यवासियों के लिए एक बड़ी घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने बताया कि 20 नवंबर 2025 को राज्य में नई सरकार के गठन के बाद ‘सात निश्चय-3’ (2025-30) के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू कर दिया गया है। इसी कड़ी में सातवें निश्चय सबका सम्मान-जीवन आसान के तहत पैदल चलने वाले नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।

​मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में लिखा कि बिहार प्रगति के पथ पर है और लोगों की आमदनी बढ़ने से सड़कों पर वाहनों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क पर सुरक्षित एवं सम्मानपूर्वक चलना पैदल चलने वालों का पहला अधिकार है। इसे सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग को कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।

​सीएम द्वारा साझा किए गए मुख्य निर्देश:

​शहरी और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर जल्द से जल्द आधुनिक फुटपाथ और जेब्रा क्रॉसिंग का निर्माण किया जाएगा।

पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए प्रमुख स्थानों पर फुट ओवर ब्रिज, एस्केलेटर और अंडरपास बनाए जाएंगे।

सरकारी और निजी वाहन चालकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि वे पैदल चलने वालों के प्रति संवेदनशील रहें।

​दुर्घटना संभावित ‘ब्लैक स्पॉट’ पर सीसीटीवी कैमरे और फुटपाथ की व्यवस्था की जाएगी ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया है कि इन प्रयासों से राज्य के नागरिकों का दैनिक जीवन आसान होगा और पैदल यात्रियों को उनका उचित सम्मान और सुरक्षा मिल सकेगी।