कुंदन कुमार/ पटना। बिहार की राजनीति और कला जगत में इन दिनों जुबानी जंग तेज है। हाल ही में लोक गायिका मैथिली ठाकुर द्वारा लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव की तुलना धृतराष्ट्र और दुर्योधन से करने पर भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। खेसारी ने कहा कि कम उम्र में बड़ी उपलब्धि मिलने पर अक्सर लोग अपना विवेक खो देते हैं। उन्होंने नसीहत देते हुए कहा कि राजनीति का मतलब संस्कार भूलना नहीं है और बिहार की उन्नति किसी को भला-बुरा कहने से नहीं, बल्कि काम करने से होगी।

​मनोज तिवारी के गड्ढा वाले बयान पर साधी चुप्पी

​सांसद मनोज तिवारी ने एक गाने के जरिए राजद (RJD) पर कटाक्ष किया और खेसारी को लेकर भी तंज कसे। इस पर खेसारी ने बेहद परिपक्वता दिखाते हुए कहा, मनोज भैया मेरे बड़े भाई जैसे हैं। वह राजनेता हैं और चुनाव में ऐसे शब्द बोले जाते हैं, लेकिन मैं उनके शब्दों पर नहीं जाता। वह जहां हैं उनके लिए बेहतर है, मैं जहां हूं मेरे लिए।

​पवन सिंह और पावर स्टार का विवाद

​होली गीतों के जरिए शुरू हुई जंग में जब मनोज तिवारी ने पवन सिंह को पावर स्टार और खेसारी को गड्ढे में गिरा इंसान कहा, तो खेसारी ने मुस्कराते हुए इसे नजरअंदाज किया। उन्होंने साफ किया कि जनता जानती है कि कौन कहां खड़ा है और वह किसी के उकसावे में आकर अपनी गरिमा नहीं खोएंगे।

​काजल राघवानी के साथ काम करने पर दी सहमति

​अभिनेत्री काजल राघवानी के साथ दोबारा स्क्रीन शेयर करने के सवाल पर खेसारी ने सकारात्मक रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि अगर अच्छी स्क्रिप्ट और प्रोजेक्ट मिलता है, तो उन्हें काजल के साथ काम करने में कोई परहेज नहीं है। कलाकार का काम दर्शकों का मनोरंजन करना है और वह इसके लिए हमेशा तैयार हैं।