पटना। बिहार के डिप्टी सीएम और गृहमंत्री सम्राट चौधरी ने विधानसभा में बिना नाम लिए पूर्णिया सांसद पप्पू यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कुछ लोग दिल्ली से आकर बिहार पुलिस की कार्यक्षमता पर सवाल उठाते हैं, लेकिन गिरफ्तारी के डर से अचानक खुद को बीमार बताने लगते हैं। सम्राट ने चुटकी लेते हुए कहा, बिहार में अब पुलिस का ऐसा खौफ है कि हाथी भी बीमार होकर अस्पताल जाना चाहता है।

​पप्पू यादव का बंदर से पलटवार

​सम्राट चौधरी के इस बयान पर पप्पू यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर कड़ा पलटवार किया। उन्होंने आपत्तिजनक लहजे में लिखा कि जो पहले ‘नाबालिग’ था, वह अब ‘बंदर’ बन गया है और बिहार की कमान इसी बंदर के हाथ में है। यादव ने उनकी पगड़ी पर भी कटाक्ष करते हुए इसे स्वाभिमान के बजाय कमीशन का प्रतीक बताया।

​सियासी घमासान और विपक्षी प्रतिक्रिया

​इस भाषाई जंग पर भाजपा ने कड़ा ऐतराज जताया है। प्रवक्ता प्रभाकर मिश्रा ने कहा कि पप्पू यादव ने भाषाई मर्यादा को तार-तार किया है और उन्हें सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए। दूसरी तरफ, राजद और कांग्रेस ने दोनों नेताओं के बयानों को गलत ठहराया है। राजद प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि सत्ता पक्ष असली मुद्दों (जैसे नीट छात्रा मामला) से ध्यान भटकाने के लिए ऐसी भाषा का प्रयोग कर रहा है, वहीं कांग्रेस ने इसे परवरिश और शिक्षा से जोड़ते हुए अफसोस जताया।