आदित्य मिश्र, अमेठी. कहते हैं प्यार में सब जायज है, लेकिन जब बात शादी और दहेज पर आ जाए तो कहानी का मोड़ भी बदल जाता है. ऐसा ही एक दिलचस्प मामला थाना रामगंज क्षेत्र में सामने आया है, जहां पहले प्यार और शादी की सहमति बनी, लेकिन बाद में दहेज की मांग के साथ रिश्ते पर ब्रेक लग गया. इतना ही जान से मारने तक की धमकी दे दी गई. अब मामला थाने जा पहुंचा है. पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है.

इसे भी पढ़ें- उफ्फ ये गर्मी! फरवरी में ही होने लगा गर्मी का एहसास, तेजी से चढ़ रहा पारा, जानिए कैसा रहेगा मौसम का मिजाज

बता दें कि शनि पाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बहन और भागीपुर निवासी अंकेश कुमार के बीच बातचीत के दौरान नजदीकियां बढ़ीं और दोनों शादी के लिए तैयार हो गए. करीब एक महीने पहले दोनों पक्षों के बीच लिखित सहमति भी हो गई कि जल्द ही शादी की रूपरेखा तय कर ली जाएगी, लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आया, जब 20 फरवरी को शनि पाल अपनी बहन की शादी की बात पक्की करने अंकेश के घर पहुंचे.

इसे भी पढ़ें- ‘जिसने आरोप लगाया वो खुद हिस्ट्रीशीटर…’, यौन शोषण के आरोप में दर्ज केस पर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का बड़ा बयान, कहा- हम योगी आदित्यनाथ थोड़ी जो केस हटवा लेंगे

आरोप है कि वहां अंकेश की मां ने शादी से साफ इनकार कर दिया और दहेज की मांग रख दी. जब शनि ने दहेज देने में असमर्थता जताई और पहले की सहमति की बात याद दिलाई, तो कथित रूप से गाली-गलौज की गई और दोबारा शादी की बात करने पर जान से मारने की धमकी भी दे दी गई. थाना प्रभारी कृष्ण मोहन ने बताया कि मामले में अंकेश कुमार पाल और उसकी मां के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 351(3), 352 और दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961 की धारा 3 और 4 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.