आरा। भोजपुर जिले में एक शादी की खुशियां उस वक्त मातम जैसी खामोशी में बदल गईं, जब जयमाला से ठीक पहले दुल्हन बेहोश हो गई। अस्पताल में इलाज करा रही रानी कुमारी के हाथों की मेहंदी अभी सूखी भी नहीं कि दूल्हा जयप्रकाश शर्मा उसे बीच राह छोड़कर बारात संग वापस लौट गया।
थकान बनी विदाई में बाधा
घटना 20 फरवरी की है। छोटकी सनदिया गांव की रानी की शादी छोटा सासाराम के जयप्रकाश से होनी थी। जयमाला के लिए जैसे ही दूल्हे ने हाथ बढ़ाया, वैवाहिक रस्मों की थकान और घबराहट के कारण रानी बेहोश हो गई। आनन-फानन में उसे आरा सदर अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टर आर.एन. यादव के मुताबिक, रानी को कमजोरी की वजह से चक्कर आया था, उसकी सभी रिपोर्ट नॉर्मल थीं।
बिना बताए लौटा दूल्हा
इलाज के 3 घंटे बाद जब रानी वापस रिसॉर्ट पहुंची, तो वहां सन्नाटा पसरा था। इंतजार करने के बजाय जयप्रकाश अपने परिवार के साथ जा चुका था। उसने शादी से साफ इनकार कर दिया। पीड़ित पिता सुरेंद्र शर्मा, जो एक हार्डवेयर कारोबारी हैं, ने बताया कि उन्होंने कर्ज लेकर बेटी के सारे सपने सजाए थे। लड़के की हर मांग पूरी की थी, लेकिन एक मामूली तबीयत बिगड़ने पर उसने साथ छोड़ दिया।
अब मुझसे कौन शादी करेगा?
अस्पताल के बेड पर सिसकती रानी का एक ही सवाल है मेरी जिंदगी बर्बाद हो गई, अब मुझसे कौन शादी करेगा? 6 महीने से जिस लड़के से वह फोन पर बात कर रही थी, उसने एक पल में सारे रिश्ते तोड़ दिए। पिता का कहना है कि उनकी इकलौती बेटी पूरी तरह स्वस्थ है, वह बस उस पल भावुक हो गई थी। फिलहाल, एक परिवार के अरमान और एक बेटी का भविष्य अधर में लटका है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


