पूर्णिया। जिले के रौटा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिरसी पंचायत के पोखरिया गांव में जमीन के टुकड़े के लिए रिश्तों का कत्ल कर दिया गया। यहां एक भतीजे ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर अपने 74 वर्षीय सगे चाचा, मो. आफताब की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद से ही गांव में मातम और तनाव का माहौल है।
क्या है पूरा मामला?
मृतक के बेटे मो. जमशेद के अनुसार, मो. आफताब और उनके भतीजे मो. आजाद के बीच लंबे समय से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। विवादित जमीन पर कब्जे की कोशिश को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गई। आरोप है कि मो. आजाद ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर बुजुर्ग आफताब पर हमला बोल दिया और उन्हें तब तक पीटा जब तक उनकी सांसें नहीं थम गईं। शोर सुनकर जब तक ग्रामीण पहुंचे, आरोपी फरार हो चुके थे।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
सूचना मिलते ही रौटा थानाध्यक्ष कुमार कुणाल सौरव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के बेटे के बयान पर मुख्य आरोपी मो. आजाद सहित तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है।
शोक में डूबा परिवार
मृतक अपने पीछे पत्नी रोहिला खातून, चार बेटे और दो बेटियों का भरा-पुरा परिवार छोड़ गए हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की विस्तृत पुष्टि की जाएगी।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


